मंगलवार, 21 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मध्य प्रदेश में बारिश की दमदार वापसी, किसानों को बड़ी राहत, अगले 4 दिन इन जिलों में बरसेंगे बादल

21 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मध्य प्रदेश में बारिश की दमदार वापसी, किसानों को बड़ी राहत, अगले 4 दिन इन जिलों में बरसेंगे बादल
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। प्रदेश में करीब दो से तीन सप्ताह बाद मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार तड़के कई जिलों में शुरू हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस से लोगों को राहत मिली।


इस बारिश का सबसे बड़ा फायदा किसानों को मिला है। बारिश की कमी से प्रभावित खरीफ फसलों, खासकर धान के खेतों में दोबारा पानी पहुंचा है, जिससे खेती को नई ऊर्जा मिली है।


कई जिलों में रात से सुबह तक बरसते रहे बादल

सीहोर, रायसेन, इटारसी, अकोदिया और श्योपुर सहित कई इलाकों में रात 1 बजे से 3 बजे के बीच बारिश शुरू हुई, जो सुबह तक जारी रही। राजधानी भोपाल में भी तड़के से अच्छी बारिश दर्ज की गई।


किसानों की चिंता हुई कम

बारिश नहीं होने से खरीफ फसलों की बोवनी प्रभावित हो रही थी। धान के खेत सूखने लगे थे और कई स्थानों पर जमीन में दरारें दिखाई देने लगी थीं। ताजा बारिश के बाद खेतों में फिर पानी भर गया, जिससे किसानों ने राहत महसूस की।


जनजीवन पर भी पड़ा असर

बारिश के कारण रायसेन में सांची रोड पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बनी। कई इलाकों में नाले और झरने भी दोबारा बहने लगे।


मंडला के नैनपुर में नाले में बहे दो युवक

मंडला जिले के नैनपुर में तेज बारिश के दौरान उफनाए नाले की पुलिया पार करते समय बाइक सवार दो युवक बह गए। एक युवक को ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दूसरा युवक बाइक सहित बह गया। बाद में वह घटनास्थल से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर सुरक्षित मिला।


दो मौसमीय सिस्टम से बढ़ी बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस समय दो प्रभावी मौसमीय सिस्टम सक्रिय हैं।

  • मानसून ट्रफ

  • चक्रवाती परिसंचरण से निकली ट्रफ लाइन


ये दोनों सिस्टम प्रदेश की उत्तरी और दक्षिणी सीमा के पास सक्रिय हैं। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर बना ऊपरी वायु चक्रवात पश्चिमी मध्य प्रदेश तक नमी पहुंचा रहा है।


इन जिलों में तेज बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, रतलाम, मंदसौर और नीमच में कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना जताई है।


अगले 4 दिन तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण उत्तर प्रदेश के ऊपरी वायु चक्रवात का असर ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा और आसपास के क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार मिल रही नमी के कारण फिलहाल मानसून कमजोर पड़ने के संकेत नहीं हैं। अनुमान है कि अगले चार दिन तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश जारी रहेगी, जबकि पूर्वी, दक्षिणी और नर्मदा घाटी के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।


भोपाल समेत इन जिलों के लिए भी पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिनभर गर्मी और उमस रही, लेकिन शाम के बाद कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। मंगलवार तड़के से भोपाल में लगातार बारिश हो रही है। इसके साथ ही विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें