शनिवार, 19 सितंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत 7,400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी, CM ने 11 छात्रों को सौंपी चाबी

19 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत 7,400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी, CM ने 11 छात्रों को सौंपी चाबी
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 7,400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी वितरित की।


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 11 विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबी सौंपी और उनके भविष्य के लक्ष्यों पर बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनकर स्कूटी चलाने की सलाह दी।


दीप प्रज्ज्वलन से शुरू हुआ कार्यक्रम

शिवाजी नगर स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत की।


मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में पुष्पवर्षा भी की गई। मुख्यमंत्री ने उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनसे आगे की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।


विद्यार्थियों की पेंटिंग्स भी देखीं

कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्कूली विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकृतियों का अवलोकन किया।


विद्यार्थियों ने अपनी पेंटिंग्स के विषय और उन्हें तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी।


खुशी का सपना- डॉक्टर बनना

संवाद के दौरान खुशी यादव ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह डॉक्टर बनना चाहती हैं। उनका लक्ष्य एमबीबीएस करने के बाद पीजी की पढ़ाई करना है।


खुशी ने बताया कि परिवार में उनकी मां और दो छोटे भाई हैं। पिता नहीं हैं। दादी के साथ चाचा-चाची समेत पूरा परिवार संयुक्त रूप से रहता है। मुख्यमंत्री ने उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं दीं।


तीन महीने अनकॉन्शियस रहने के बाद दी परीक्षा

शास्त्री कन्या शिक्षा परिसर की छात्रा रानी सांडवा ने अपनी पढ़ाई के दौरान सामने आई कठिन परिस्थिति मुख्यमंत्री के साथ साझा की।


रानी के मुताबिक, उनकी नानी सापले का एक्सीडेंट हुआ था। इलाज के दौरान वह उनके साथ रहीं और करीब तीन महीने तक अनकॉन्शियस रहने के बाद परीक्षा के समय वापस जाकर उन्होंने परीक्षा दी।


मुख्यमंत्री ने रानी के हौसले की सराहना की। रानी ने बताया कि वह आगे चलकर लॉयर बनना चाहती हैं और नौवीं कक्षा से ही आर्ट्स तथा लॉ में उनकी रुचि है।


सीएम ने दी शुभकामना 

रानी ने बताया कि उनके परिवार में माता-पिता और भाई हैं। पिता खेती करते हैं, जबकि मां हाउसवाइफ हैं। मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान पूछा कि वह सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट में वकील बनना चाहती हैं या नहीं। रानी ने कहा कि अभी उन्होंने यह तय नहीं किया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचने की शुभकामना दी।


मिनी जैन कर रही हैं NEET की तैयारी

मिनी जैन ने बताया कि वह परिवार में सबसे छोटी हैं। परिवार में चार बहनें और दो भाई हैं। उनकी एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दो बहनें नौकरी करती हैं।


मिनी ने बताया कि उनके पिता कपड़ों की दुकान चलाते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वह NEET की तैयारी कर रही हैं और डॉक्टर बनना चाहती हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।


93.2% अंक वाली मरियम का लक्ष्य CA बनना

मरियम खान ने मुख्यमंत्री से बातचीत में बताया कि उन्होंने 12वीं में 93.2% अंक हासिल किए हैं। परिवार में अम्मी-अब्बा और दो छोटे भाई हैं।


मरियम फिलहाल एक्सीलेंस इंस्टीट्यूट से B.Com कर रही हैं और आगे CA बनने की इच्छा रखती हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी और स्कूटी संभालकर चलाने के साथ हेलमेट लगाने की सलाह दी।


रवि ने हासिल किए 93.4% अंक

भोपाल के आनंद नगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी रवि ने बताया कि उन्होंने 12वीं में 93.4% अंक हासिल किए हैं। वह ट्रांसपोर्ट नगर में रहते हैं।


रवि के परिवार में माता-पिता और उनसे बड़े दो भाई हैं। पिता कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि मां हाउसवाइफ हैं। बातचीत में रवि ने बताया कि परिवार में पहले किसी को ऐसी सुविधा नहीं मिली थी।


रवि भी बनना चाहते हैं CA

भविष्य के लक्ष्य पर रवि ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह CA बनना चाहते हैं। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों में CA बनने की इच्छा को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में चर्चा की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाउंट्स और इकोनॉमी के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह अच्छी बात है। रवि को स्कूटी मिलने पर बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।


विद्यार्थियों को यातायात नियमों की सीख

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों से उनके सपनों और आगे की पढ़ाई को लेकर बातचीत की। स्कूटी मिलने के साथ उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा पर भी ध्यान देने को कहा।


मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट का इस्तेमाल करने की सलाह दी।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें