
भोपाल। राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में नौतपा का असर अब और खतरनाक होता जा रहा है। बुधवार को दोपहर 1:30 बजे राजधानी का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे शहर की सड़कें सूनी नजर आने लगीं। लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल दी है। दिन ही नहीं, रातें भी अब राहत देने को तैयार नहीं हैं। न्यूनतम तापमान भी 30 से 31 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
भोपाल में दोपहर होते ही थम गई रफ्तार
राजधानी भोपाल में गर्म हवाओं का असर सबसे ज्यादा दोपहर के वक्त दिखाई दे रहा है। आमतौर पर व्यस्त रहने वाली लिंक रोड नंबर-1 और शौर्य स्मारक के पीछे की मशहूर ‘ठंडी सड़क’ पर भी लोगों की आवाजाही बेहद कम हो गई। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकल रहे हैं, वे चेहरे ढंककर और पूरी सावधानी के साथ सफर करते दिखे। बाइक सवारों ने गर्म हवा और तेज धूप से बचने के लिए फुल कवर कपड़ों का सहारा लिया। शहर का बदला हुआ यह नजारा गर्मी की गंभीरता साफ बता रहा है।
लगातार तीसरे दिन 45 डिग्री के आसपास तापमान
मौसम के आंकड़े भी हालात की गंभीरता दिखा रहे हैं। इससे पहले सोमवार को भोपाल में 45.3 डिग्री और मंगलवार को 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। लगातार तीन दिनों से तापमान खतरनाक स्तर के आसपास बना हुआ है। विशेषज्ञों के मुताबिक, गर्म हवाएं और तेज धूप लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा असर डाल सकती हैं। खासकर बुजुर्ग, बच्चे और बाहर काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
टीकमगढ़ में बाजारों पर गर्मी का असर
टीकमगढ़ में भी नौतपा का असर साफ दिखाई दिया। दोपहर के समय तेज धूप और लू के कारण बाजारों और मुख्य सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर के वक्त हालात ऐसे हो जाते हैं कि कुछ मिनट बाहर खड़ा रहना भी मुश्किल लगने लगता है। गर्म हवाओं ने रोजमर्रा की गतिविधियों की रफ्तार धीमी कर दी है।
उमरिया में भी जनजीवन प्रभावित
उमरिया जिले में भी तापमान तेजी से बढ़ा है। यहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री रहा। गर्मी का असर जिला मुख्यालय की सड़कों पर साफ दिखाई दिया, जहां सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही काफी कम रही। लगातार बढ़ती गर्मी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मौसम विभाग की चेतावनियों के बीच लोग अब बारिश और तापमान में गिरावट का इंतजार कर रहे हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

