
डबरा। नवग्रह शक्ति पीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चौथे दिन शनिवार को कवि और कथावाचक डॉ. कुमार विश्वास ने अपनी प्रसिद्ध रामकथा “अपने-अपने राम” का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राम कथा प्रेम सिखाती है, राजनीति नहीं, लोकनीति से ही रामराज्य बनेगा।
डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि रामकथा प्रेम सिखाती है और इस प्रेम की शुरुआत परिवार से होती है। उन्होंने कहा कि जब तक घर में संवाद और समझ नहीं होगी, तब तक समाज और विश्व में शांति की कल्पना अधूरी रहेगी। उन्होंने कहा कि रामकथा कोई कथा नहीं, बल्कि जीवन की दिशा है। राम हमें सिखाते हैं कि मर्यादा, त्याग और वचनपालन जीवन के सर्वोच्च मूल्य हैं।
डॉ. कुमार विश्वास ने भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि राम का जीवन यह सिखाता है कि निजी सुख से ऊपर कर्तव्य, लोक और मर्यादा होती है। पिता की आज्ञा, भ्रातृ प्रेम और दांपत्य मर्यादा आज के समाज के लिए भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी त्रेता युग में थीं। उन्होंने कहा कि जब व्यक्तिगत भावनाओं से ऊपर उठकर कर्तव्य निभाया जाए, तो वही रामत्व है।
.jpeg)
पीपल के वृक्ष पर जल अर्पित करने से शनि के दुष्प्रभाव कम होते हैं
डॉ. कुमार विश्वास ने नवग्रह शक्ति पीठ में स्थापित सभी नवग्रहों के महत्व और उनके मानव जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति ग्रहदोष से पीड़ित है, वह यहां डबरा नवग्रह शक्ति पीठ आकर नवग्रहों को नमन करे, अवश्य राहत पाएगा। विशेष रूप से उन्होंने बताया कि पीपल के वृक्ष पर जल अर्पित करने से शनि के दुष्प्रभाव कम होते हैं। जो शनि के कोप से पीड़ित हैं, वे डबरा आकर नवग्रह शक्ति पीठ में ‘ॐ शन शनिश्चराय नमः’ का जप करें, शनि देव की कृपा अवश्य प्राप्त होगी।
जो राम के अस्तित्व को नहीं मानता, वह अपना अस्तित्व खो देता है
डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि जो कोई भी व्यक्ति राम के अस्तित्व को नहीं मानता, वह अपना अस्तित्व खो देता है। उन्होंने कहा कि परिवार में प्रेम, समाज में शांति और विश्व में सद्भाव ही सच्चा रामराज्य है। प्रवचन से पूरा पंडाल भक्ति, भाव और प्रेम से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम में प्रदेश के कई गणमान्य नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। रामकथा का आयोजन 16 फरवरी तक चलेगा।

श्रीराम कथा इन्होंने दर्ज कराई उपस्थिति
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार, कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, पूर्व सांसद केपी यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर रावत सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का स्वागत प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

