सोमवार, 27 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

नक्सलवाद ‘सांप’ जैसा, पुलिस ने फन कुचल दिया, IPS सर्विस मीट में बोले सीएम मोहन यादव

16 जन, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
नक्सलवाद ‘सांप’ जैसा, पुलिस ने फन कुचल दिया, IPS सर्विस मीट में बोले सीएम मोहन यादव

नक्सलवाद ‘सांप’ जैसा, पुलिस ने फन कुचल दिया, IPS सर्विस मीट में बोले सीएम मोहन यादव

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा और प्रतीकात्मक बयान दिया है। उन्होंने नक्सलवाद की तुलना सांप से करते हुए कहा कि जिस कमरे में सांप घूम रहे हों, वहां कोई चैन से नहीं सो सकता। प्रदेश पुलिस ने इस सांप का फन कुचलकर नक्सल मूवमेंट को खत्म किया है, जो मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है।


IPS सर्विस मीट में सीएम का बड़ा संदेश

मुख्यमंत्री ने ये बातें कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित आईपीएस सर्विस मीट के शुभारंभ अवसर पर कहीं। दीप प्रज्ज्वलन के बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अपने परिवार और निजी जीवन से ऊपर उठकर जनता की सेवा करती है। भारत की पुलिस अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की बेहतरीन मिसाल है।


लोकतंत्र की मजबूती में पुलिस की भूमिका

सीएम यादव ने भारत और पाकिस्तान की तुलना करते हुए कहा कि दोनों देश एक साथ आजाद हुए, लेकिन पाकिस्तान में बार-बार तख्तापलट हुआ। भारत में आईएएस–आईपीएस अधिकारियों ने लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग महत्वपूर्ण हैं, लेकिन पुलिस की चुनौतियां सबसे अलग और कठिन होती हैं।


प्रमोशन और भर्तियों का जल्द मिलेगा तोहफा

मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही प्रमोशन से जुड़ी अच्छी खबर मिलेगी और विभाग में पर्याप्त नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने साफ कहा कि मध्यप्रदेश में संगठित अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है और सरकार पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।


नशा और साइबर अपराध पर सख्ती

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश पुलिस नशा विरोधी अभियान में लगातार सराहनीय काम कर रही है। साइबर अपराध और संगठित गिरोहों पर भी कड़ा अंकुश लगाया जा रहा है। नए कानूनों को लागू करने में मध्यप्रदेश पुलिस देश के लिए आदर्श उदाहरण बनी है।


डीजीपी ने किया स्वागत

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और आईपीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर ने पुष्प गुच्छ और पौधा भेंट कर किया। डीजीपी ने अपने संबोधन में पुलिस की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें