
भोपाल। 21 जून को होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर मध्य प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे, जैमर और अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बड़ी डिजिटल घड़ी लगाई जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा संचालन को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की तैयारी पूरी कर ली है।
भोपाल में 13,774 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
राजधानी भोपाल में इस बार 13,774 विद्यार्थी NEET परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सभी केंद्र प्रभारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के नाम व लोकेशन स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं, ताकि किसी अभ्यर्थी को भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े।
पुलिस और प्रशासन को दिए गए विशेष निर्देश
प्रशासन ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि हमीदिया रोड स्थित परीक्षा केंद्रों के आसपास सड़क पर खड़े वाहनों को तत्काल हटाया जाए, ताकि परीक्षार्थियों को जाम का सामना न करना पड़े। वहीं पुराने भोपाल में मेट्रो निर्माण के कारण बैरिकेडिंग से परीक्षा केंद्रों के बोर्ड छिपने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे।
इन जिलों में भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी
भोपाल के अलावा छिंदवाड़ा में 4,303, गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 और अशोकनगर में 865 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने सभी जिलों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
रेलवे चलाएगा NEET स्पेशल ट्रेन
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे 20 जून को इंदौर-भोपाल स्पेशल ट्रेन (09354) चलाएगा। यह ट्रेन इंदौर, फतेहाबाद, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और बैरागढ़ होते हुए भोपाल पहुंचेगी, ताकि विभिन्न शहरों से आने वाले अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो।
वापसी के लिए भी मिलेगी विशेष ट्रेन
परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों की वापसी के लिए भोपाल-रतलाम स्पेशल ट्रेन (09353) भी 20 जून की शाम चलाई जाएगी। यह ट्रेन भोपाल से रवाना होकर संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन, नागदा होते हुए रतलाम पहुंचेगी।
17 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार स्पेशल ट्रेन में 13 स्लीपर कोच, 2 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआर/डी सहित कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। वरिष्ठ डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि NEET परीक्षा के दौरान संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित और समय पर यात्रा की सुविधा मिल सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

