
नर्मदापुरम। मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक से झाबुआ तक बन रहा नर्मदा एक्सप्रेस-वे (नर्मदा प्रगति पथ) नर्मदापुरम को प्रदेश के 10 शहरों से सीधे जोड़ देगा। इस एक्सप्रेस-वे के जरिए जिले में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियां पहले से ज्यादा सुलभ होंगी। सीहोर जिले के बाड़ी से बुदनी के बीच फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
867 किमी लंबा पथ, नर्मदापुरम से गुजरेगा 115 किमी
नर्मदा नदी के किनारे बनने वाला यह पथ कुल 867 किलोमीटर लंबा होगा। इसमें
बाड़ी से बुदनी तक 64 किमी
बुदनी से भैरुंदा तक 51 किमी
का हिस्सा नर्मदापुरम जिले की सीमा से होकर गुजरेगा।
मोहासा औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगा सीधा फायदा
नर्मदापुरम के मोहासा औद्योगिक क्षेत्र और रिन्युएबल एनर्जी पार्क के चलते नर्मदा प्रगति पथ बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। इस मार्ग से उद्योगों को हवाई अड्डे से लेकर बंदरगाह तक पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही यह पथ पर्यटन को बढ़ावा देगा। छत्तीसगढ़ की सीमा से गुजरात तक सुगम यात्रा से उद्योग और पर्यटन दोनों क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
2026 तक पूरा करने का लक्ष्य
एनएचएआई के मुताबिक इस एक्सप्रेस-वे को 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसे देश के प्रमुख एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। राहगीरों और वाहन चालकों को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
छत्तीसगढ़ से गुजरात तक बनेगी मजबूत कनेक्टिविटी
यह एक्सप्रेस-वे डिंडौरी, जबलपुर, बड़वाह, इंदौर, धार, सरदारपुर, झाबुआ होते हुए गुजरात सीमा तक जाएगा। इससे छत्तीसगढ़ से गुजरात तक सीधी कनेक्टिविटी बनेगी। इसके अलावा बुदनी, शाहगंज, बाड़ी बकतरा, रेहटी, नसरूल्लागंज तक आवागमन पहले से अधिक आसान हो जाएगा।
बाड़ी से बुदनी तक निर्माण कार्य शुरू
बाड़ी से बुदनी तक नर्मदा प्रगति पथ के निर्माण में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इस फोरलेन सड़क के बनने से नर्मदा किनारे के 10 शहर आपस में जुड़ेंगे।
“बाड़ी से बुदनी तक नर्मदा प्रगति पथ का निर्माण शुरू हो गया है। इस फोरलेन सड़क का निर्माण में अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे नर्मदा किनारे के 10 शहर आपस में जुडेंगे।”
— आकाश चौकसे, प्रोजेक्ट मैनेजर, एनएचएआई नर्मदापुरम
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

