
भोपाल। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बसों की सुरक्षा और आरटीओ की कार्यप्रणाली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि गलत बस को पास करने वाले आरटीओ अधिकारियों पर अब कड़ी कार्रवाई होगी और उनकी नौकरी तक जा सकती है।
1 सितंबर 2025 से लागू हुआ नया बस बॉडी कोड
गडकरी ने कहा कि बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने 1 सितंबर 2025 से नया बस बॉडी कोड लागू किया है। इसके तहत वाहन पोर्टल पर डिजिटल चेकलिस्ट और फिजिकल इंस्पेक्शन के बिना बस का रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आरटीओ अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बसों की जांच में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गडकरी ने कार्यक्रम में भ्रष्टाचार की ओर इशारा करते हुए कुछ आरटीओ अधिकारियों पर तीखी टिप्पणी भी की और कहा कि गलत बस को पास करने पर नौकरी जा सकती है।
351 से ज्यादा बसों को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम में नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के 7 शहरों के लिए 351 से अधिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 120 इंटरसिटी और 231 इंट्रासिटी बसें शामिल हैं।
इन बसों का संचालन मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIIL) के तहत पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा।
डीजल बसों से 30% कम हो ई-बस का किराया
गडकरी ने एसी ई-बसों के किराए को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एसी ई-बसों का किराया डीजल बसों की तुलना में करीब 30 प्रतिशत कम होना चाहिए, ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा मिल सके।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित, किफायती और सुलभ परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं मिलने से देश का हैप्पी इंडेक्स बढ़ेगा।
परिवहन से 40% वायु प्रदूषण, ईंधन आयात घटाने पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने ग्रीन मोबिलिटी पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश में वायु प्रदूषण का एक बड़ा हिस्सा परिवहन क्षेत्र से जुड़ा है और भारत पेट्रोल-डीजल के आयात पर बड़ी राशि खर्च करता है।
उन्होंने ई-20, 100 प्रतिशत एथेनॉल फ्लेक्स इंजन, इलेक्ट्रिक वाहन, सोलर चालित ट्रैक्टर और हाइड्रोजन ईंधन को भविष्य की ग्रीन मोबिलिटी का हिस्सा बताया। गडकरी ने कहा कि एथेनॉल के बढ़ते इस्तेमाल से किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि ऊर्जा दाता भी बन सकता है।
सीएम मोहन यादव बोले- सड़क परियोजनाओं से बढ़ा धार्मिक पर्यटन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की पहल से मध्य प्रदेश में सड़क परियोजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन हुआ है। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से प्रदेश में उद्योग और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है।
बस परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एमपी-वायपीआईएल के एमडी मनीष सिंह और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के निदेशक के बीच एमओयू भी साइन किया गया।
कैब एग्रीगेटर गाइडलाइन लागू करने की अपील
गडकरी ने मध्य प्रदेश सरकार से मोटर व्हीकल कैब एग्रीगेटर गाइडलाइन्स को लागू करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे देश में बड़ी संख्या में युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिले हैं।
उन्होंने मध्य प्रदेश के परिवहन मंत्री से प्रदेश में भी इन गाइडलाइन्स को लागू करने का आग्रह किया और कहा कि इससे राज्य में 40 से 50 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

