
नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17 सितंबर को मध्यप्रदेश पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला MP दौरा होगा, जिसमें इंदौर और उज्जैन में कई कार्यक्रम निर्धारित हैं।
दो दिन के प्रवास में नबीन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ रामघाट पर शिप्रा आरती में शामिल होंगे और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दीपोत्सव की शुरुआत करेंगे। 18 सितंबर को सुबह 4:05 बजे वे महाकालेश्वर मंदिर की भस्म आरती में शामिल होंगे।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर बीजेपी ने बढ़ाई सक्रियता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से बीजेपी का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा। पार्टी ने अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने के लिए संगठन को सक्रिय करने की तैयारी की है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने प्रदेश एवं संभाग प्रभारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
शिवप्रकाश ने कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
शिवप्रकाश ने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सुशासन और जनसेवा के कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आयोजन सिर्फ कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। इनका प्रभाव जमीन पर दिखाई देना जरूरी है।
एक महीने तक चलेंगे आयोजन
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मुताबिक, अगले एक महीने तक संगठन अपनी पूरी ताकत ‘सेवा संकल्प अभियान’ की सफलता में लगाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति को सेवा, सुशासन और जनकल्याण का माध्यम बनाकर देश के विकास को नई दिशा दी है। अभियान के जरिए इसी विचार को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास होगा।
खंडेलवाल ने यह भी कहा कि आयोजनों की संख्या के बजाय उनकी प्रभावशीलता, गुणवत्ता और जनभागीदारी को ज्यादा महत्व दिया जाएगा।
17 सितंबर को इंदौर और उज्जैन में कार्यक्रम
नितिन नबीन के पहले दिन का कार्यक्रम इस तरह रहेगा:
1:45 PM: इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
2:00 PM: इंदौर में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
2:55 PM: गांधी नगर ग्राउंड में स्वामित्व योजना के कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
5:05 PM: उज्जैन पहुंचेंगे।
6:45 PM: रामघाट पर शिप्रा आरती में शामिल होंगे और ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करेंगे।
8:00 PM: भजन संध्या में शामिल होंगे।
18 सितंबर को महाकाल की भस्म आरती
दौरे के दूसरे दिन नितिन नबीन सुबह 4:05 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भस्म आरती में शामिल होंगे।
इसके बाद 9:30 AM पर वे इंदौर के लिए रवाना होंगे। 10:00 AM पर इंदौर एयरपोर्ट से पंजाब के लिए प्रस्थान करेंगे।
25 लाख दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का शुभारंभ
उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ नितिन नबीन रामघाट पर शिप्रा आरती और सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित दीपोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान 25 लाख दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

