बुधवार, 29 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

नितिन नबीन का एमपी बीजेपी से रहा है गहरा नाता, शादी में घोड़ी चढ़ाने भोपाल आए थे, पढ़िए यह दिलचस्प किस्सा

15 दिस, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
नितिन नबीन का एमपी बीजेपी से रहा है गहरा नाता, शादी में घोड़ी चढ़ाने भोपाल आए थे, पढ़िए यह दिलचस्प किस्सा

नितिन नबीन का एमपी बीजेपी से रहा है गहरा नाता, शादी में घोड़ी चढ़ाने भोपाल आए थे, पढ़िए यह दिलचस्प किस्सा

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस फैसले के बाद जहां दिल्ली की सियासत में हलचल तेज है, वहीं मध्य प्रदेश बीजेपी के युवा नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


दिल्ली में होगा भव्य स्वागत

रविवार को भाजपा के पार्लियामेंट्री बोर्ड के इस फैसले की जानकारी राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।

 नितिन नबीन सोमवार को दिल्ली पहुंचेंगे, जहां सुबह 11 बजे भाजपा मुख्यालय में उनका स्वागत किया जाएगा।


एमपी बीजेपी से रहा है गहरा नाता

नितिन नबीन के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मध्य प्रदेश बीजेपी के कई युवा नेता उत्साहित हैं। इसकी बड़ी वजह यह है कि वे तीन साल तक बीजेपी युवा मोर्चा के मध्य प्रदेश प्रभारी रह चुके हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के कई नेताओं के साथ जमीनी स्तर पर काम किया।


शादी में घोड़ी चढ़ाने भोपाल आए थे नितिन नबीन

बीजेपी के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में नितिन नबीन को एमपी बीजेपी युवा मोर्चा का प्रदेश प्रभारी बनाया गया था। उस समय जीतू जिराती प्रदेश अध्यक्ष थे और रजनीश अग्रवाल प्रदेश महामंत्री थे। अग्रवाल ने बताया कि 15 दिसंबर 2011 को उनकी शादी थी। उन्होंने नितिन नबीन को निमंत्रण देते हुए मजाक में कहा था कि “शादी में आप ही मुझे घोड़ी चढ़ाएंगे।” नितिन नबीन ने वादा निभाया और पटना से भोपाल आकर खुद उन्हें घोड़ी पर चढ़ाया। शादी में शामिल होने के बाद वे वापस पटना लौट गए।


तीन साल एमपी इंचार्ज, आदिवासी इलाकों में किया व्यापक दौरा

पूर्व विधायक जीतू जिराती ने बताया कि 2010 से 2013 तक, जब वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे, उस दौरान नितिन नबीन मध्य प्रदेश युवा मोर्चा के प्रभारी रहे। इन तीन वर्षों में उन्होंने प्रदेश में लगातार प्रवास किया, खासकर आदिवासी क्षेत्रों में।


कट्ठीवाड़ा की ऐतिहासिक कार्यसमिति बैठक

जिराती ने बताया कि कट्ठीवाड़ा में युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई थी। उस क्षेत्र में न तो रुकने की व्यवस्था ठीक थी और न ही खाने की। इसके बावजूद नितिन नबीन सीमित संसाधनों में दो दिन तक वहीं रुके और बैठक में सक्रिय सहभागिता निभाई। यह आदिवासी अंचल में हुई पहली कार्यसमिति बैठक थी।


कांग्रेस के सीनियर लीडर की हार में अहम भूमिका

जिराती के अनुसार, नितिन नबीन की आदिवासी क्षेत्रों में लगातार सक्रियता का ही परिणाम था कि उनके प्रभारी रहते कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया चुनाव हार गए।

 आजाद नगर भाबरा में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में करीब दो लाख कार्यकर्ता जुटे थे। इस आयोजन की तैयारी में नितिन नबीन ने युवा मोर्चा की टीम के साथ कड़ी मेहनत की थी।


सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी बधाई 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री ने बढ़ाई देते हुए कहा, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन जी की नियुक्ति पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपकी अटूट निष्ठा, समर्पण, कार्यकुशलता और व्यापक अनुभव से निश्चित ही पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।


शिवराज सिंह चौहान ने दी बधाई

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर नितिन नबीन को बधाई देते हुए लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के प्रखर और आदर्श कार्यकर्ता, हर दायित्व को कर्मठता से पूर्ण करने वाले, परिश्रमी और विचारवान साथी नितिन नबीन जी को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। निश्चय ही यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आप पार्टी की विचारधारा को और अधिक दृढ़ता प्रदान करेंगे।”

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें