
उज्जैन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार तड़के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने सुबह करीब 4 बजे होने वाली भस्म आरती में भाग लेकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
भस्म आरती के बाद नितिन नवीन ने कहा कि उन्होंने भगवान महाकाल से देशवासियों के सुख, सम्मान और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी आशीर्वाद मांगा।
महाकाल मंदिर में करीब डेढ़ घंटे तक रहे
नितिन नवीन ने मंदिर के नंदी हाल में बैठकर पूरी पूजा और आरती देखी। परंपरा के अनुसार उन्होंने नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी व्यक्त की और महाकाल की देहरी से विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया भी उनके साथ मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव कार्यक्रमों में लिया हिस्सा
गुरुवार को उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत नितिन नवीन ने की। इस दौरान 25 लाख दीप प्रज्वलित किए गए और स्वामित्व योजना के तहत तीन हितग्राहियों को नि:शुल्क रजिस्ट्री सौंपी गई।
स्वामित्व योजना पर क्या बोले नितिन नवीन
कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में पंचायती राज दिवस पर स्वामित्व योजना का जो सपना रखा था, उसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में जमीन पर उतारा है।
उन्होंने बताया कि राज्य के 55 जिलों में 41 हजार से अधिक गांवों के 68 लाख भूखंडों का सर्वे किया गया है और 50 लाख से अधिक लोगों को नि:शुल्क रजिस्ट्री देने का काम शुरू किया गया है।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
नितिन नवीन ने कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्का मकान मिलने के बाद वे आशीर्वाद का दीप जलाते हैं, तो इस पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
मंदिर प्रबंधन ने किया स्वागत
महाकाल मंदिर पहुंचने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने नितिन नवीन का स्वागत किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

