
भोपाल। मध्यप्रदेश में इस साल भीषण गर्मी ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।दिन और रात का तापमान लगातार बढ़ोतरी पर है।पारे की बढ़ती चाल थमने का नाम नही ले रही। मई के महीने में सूरज के तेवर बेहद तीखे हो चले हैं। जिससे सुबह से ही गर्मी का अहसास होना शुरू हो जाता है जो रात में भी सुकून नहीं देता। इस भीषण गर्मी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।मई के पहले पखवाड़े में ही गर्मी अपने प्रचंड रूप में नजर आ रही है। रविवार को मध्यप्रदेश के 11 जिलों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और 5 जिलों में पारा 44 डिग्री पहुंच गया। वहीं प्रदेश के 5 बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री, इंदौर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री, उज्जैन में अधिकतम तापमान 43 डिग्री,जबलपुर में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री और ग्वालियर में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ में 45 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे अधिक था।
गर्मी में सावधानी ही बचाव
प्रदेश में सोमवार को प्रदेश के ग्वालियर,मुरैना, भिंड,शिवपुरी, दतिया,गुना,अशोकनगर,विदिशा, रायसेन, सागर,जबलपुर,दमोह,रीवा,पन्ना,सतना सहित 27 जिलों में हीटवेव का अलर्ट है यहां तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है वहीं भोपाल,इंदौर,उज्जैन,झाबुआ,धार, अलीराजपुर, आगर-मालवा,राजगढ़,शाजापुर, देवास,सीहोर सहित 28 जिलों में तेज गर्मी पड़ेगी और यहां तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।अगले 4 दिनों तक गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिलेगा।मौसम विभाग के अनुसार पारे में बढ़ोतरी का क्रम फिलहाल जारी रहेगा। मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से गर्मी में अधिक से अधिक पानी या शीतल पेय पीकर बॉडी को हाईड्रेट करने के लिए कहा है। साथ ही धूप में निकलने पर चेहरे को ढंक कर रखने के लिए भी कहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

