
भोपाल। संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि दमोह जिले के नोहटा में नोहलेश्वर महोत्सव इस वर्ष भी मंदिर परिसर में भव्यता के साथ मनाया जाएगा। यह 11 से 15 फरवरी 2026 तक चलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
राज्यमंत्री का कहना है कि इस महोत्सव में कला, संस्कृति, साहित्य एवं भक्ति संगीत जगत की ख्यातनाम हस्तियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। बुंदेलखंड की धार्मिक आस्था के इस केंद्र पर होने जा रहे नोहलेश्वर महोत्सव में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। वहीं, भगवान भोलेनाथ के शिव तांडव नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, जय श्रीराम नृत्य नाटिका आदि मनभावन प्रस्तुतियां होंगी। अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में जहां हरिओम पवार, जानी बैरागी जैसे राष्ट्रीय कवि रचनापाठ करेंगे। समापन समारोह में प्रसिद्ध भजन गायिका आशा वैष्णव प्रस्तुति देंगी।
राज्यमंत्री ने बताया कि संस्कृति विभाग की ओर से इस समूचे आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रहीं हैं। यहां आने वाले प्रदेश और देश के श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, स्थानीय प्रशासन भी इस आयोजन को और भव्यता देने के लिए पूरी तरह जुटा हुआ है।
बुंदेलखंड की कला संस्कृति से रूबरू होने का आह्वान
राज्यमंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि नोहलेश्वर महोत्सव के माध्यम से प्रदेश और देश में बुंदेलखंड की विशेष पहचान बने। राज्य मंत्री श्री लोधी ने प्रदेश की जनता से इस आयोजन में शामिल होकर बुंदेलखंड की कला संस्कृति से रूबरू होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आपकी आस्था के साथ ही समूचे परिवार के साथ मनोरंजन का केंद्र भी होगा। महोत्सव में हॉट एयर बलून जैसी रोमांचक गतिविधियां भी उपलब्ध होंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

