मंगलवार, 28 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

15 साल बाद फिर सड़कों पर दौड़ेंगी एमपी परिवहन निगम की बसें, 389 रूटों पर शुरू होगा सफर, यात्रियों के लिए बड़ी राहत

27 दिस, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
15 साल बाद फिर सड़कों पर दौड़ेंगी एमपी परिवहन निगम की बसें, 389 रूटों पर शुरू होगा सफर, यात्रियों के लिए बड़ी राहत

15 साल बाद फिर सड़कों पर दौड़ेंगी एमपी परिवहन निगम की बसें, 389 रूटों पर शुरू होगा सफर, यात्रियों के लिए बड़ी राहत

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। नए साल में मध्यप्रदेश के बस यात्रियों को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। साल 2026 में मध्यप्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसें एक बार फिर सड़कों पर लौटेंगी। करीब 15 साल पहले बंद हो चुकी यह सेवा अब 389 रूटों पर दोबारा शुरू की जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है और प्राइवेट बस ऑपरेटर्स के साथ एग्रीमेंट कर बसों को संचालन की अनुमति दी जाएगी।


प्रदेश के साथ-साथ 5 राज्यों तक होगा सफर

एमपी परिवहन निगम की बसें सिर्फ मध्यप्रदेश तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तराखंड और हरियाणा तक चलेंगी। इससे उन यात्रियों को खास फायदा मिलेगा जो दूसरे राज्यों में पढ़ाई, नौकरी या इलाज के लिए सफर करते हैं।

जानकारी के मुताबिक –

राजस्थान के 200 रूट

उत्तर प्रदेश के 69 रूट

महाराष्ट्र के 81 रूट

गुजरात के 30 रूट

उत्तराखंड के 9 रूट

इन सभी रूटों पर पहले भी राज्य परिवहन की बसें चलती थीं, लेकिन साल 2010 में निगम के बंद होने के बाद इन सेवाओं पर ब्रेक लग गया था। अब नए वित्तीय वर्ष 2026-27 से इन रूटों पर फिर से बसें दौड़ेंगी।


23 दिसंबर की हाई लेवल मीटिंग में लगी मुहर

इसी महीने 23 दिसंबर को परिवहन विभाग की एक उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें इस पूरे प्लान पर अंतिम मुहर लगाई गई। बैठक में परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

इस बैठक में तय हुआ कि राज्य परिवहन उपक्रम और राज्य परिवहन संगठन के गठन के बाद प्राइवेट बस ऑपरेटर्स से एग्रीमेंट किया जाएगा। उनकी बसों को निर्धारित रूटों पर परमिट जारी किए जाएंगे, ताकि संचालन जल्द शुरू हो सके।


गुजरात के लिए भी चल रही बातचीत

गुजरात के लिए प्रस्तावित 30 रूटों पर अभी बातचीत चल रही है। राज्य सरकार गुजरात परिवहन विभाग से समन्वय कर जल्द ही प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में है।

फिलहाल मध्यप्रदेश के भीतर और दूसरे राज्यों के लिए यात्राएं प्राइवेट बसों के भरोसे ही चल रही हैं, लेकिन जैसे ही एमपी परिवहन निगम की बसें लौटेंगी, यात्रियों को ज्यादा भरोसेमंद, सस्ती और नियमित सेवा मिलने की उम्मीद है।


यात्रियों को क्या होगा फायदा?

दूर-दराज के जिलों और दूसरे राज्यों तक सीधी कनेक्टिविटी

निजी बसों की मनमानी पर लगाम

किराया और टाइमिंग में पारदर्शिता

बुजुर्गों, छात्रों और आम यात्रियों को सुरक्षित सफर

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें