मंगलवार, 28 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मां की गोद से 4 साल की बच्ची को उठा ले गया जंगली जानवर! 4 घंटे बाद जंगल में मिली क्षत-विक्षत शव, तेंदुए के हमले की आशंका

22 दिस, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मां की गोद से 4 साल की बच्ची को उठा ले गया जंगली जानवर! 4 घंटे बाद जंगल में मिली क्षत-विक्षत शव, तेंदुए के हमले की आशंका

मां की गोद से 4 साल की बच्ची को उठा ले गया जंगली जानवर! 4 घंटे बाद जंगल में मिली क्षत-विक्षत शव, तेंदुए के हमले की आशंका

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले से शनिवार शाम एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मां की गोद में बैठी 4 साल की मासूम को एक जंगली जानवर छीनकर जंगल की ओर ले गया। चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बच्ची का शव झाड़ियों में क्षत-विक्षत हालत में मिला।


ग्राम बिचोली के गोदवानी गांव की घटना

यह दिल दहला देने वाली घटना जिले के ग्राम बिचोली अंतर्गत गोदवानी गांव की है। वन विभाग के अनुसार, शनिवार शाम अंधेरा होने के समय गांव की दो बच्चियां घर के बाहर थीं। एक बच्ची मां की गोद में थी, जबकि दूसरी बच्ची को हाथ पकड़कर घर के भीतर ले जाया जा रहा था। तभी अचानक जंगल की ओर से आए जंगली जानवर ने झपट्टा मारा और मां की गोद से 4 साल की बच्ची को छीनकर जंगल की ओर भाग गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।


गांव में मचा हड़कंप, जंगल में चला सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण बच्ची की तलाश में जुट गए। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शाम करीब 7:30 बजे से जंगल में सर्चिंग अभियान शुरू किया गया। घना जंगल और पहाड़ी इलाका होने के कारण तलाशी में काफी दिक्कतें आईं।


4 घंटे बाद पहाड़ी पर मिला शव

करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 11:30 बजे बच्ची का शव जंगल की पहाड़ी पर झाड़ियों के बीच बरामद हुआ। शव की हालत बेहद भयावह थी।


चेहरे और शरीर पर गहरे जख्म

बच्ची के चेहरे और शरीर के ऊपरी हिस्से पर गहरे घाव पाए गए थे। साफ तौर पर नजर आ रहा था कि जंगली जानवर ने चेहरे को बुरी तरह नोच डाला था। शव को कपड़े में लपेटकर जंगल से बाहर लाया गया। यह दृश्य देखकर परिजन और ग्रामीण फूट-फूटकर रो पड़े।


वन विभाग ने तेंदुए के हमले की जताई आशंका

वन विभाग के रेंजर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला तेंदुए के हमले का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहले भी जंगली जानवरों की गतिविधियां देखी गई हैं। घटना के बाद जंगल क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और तेंदुए की मूवमेंट पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाने की तैयारी की जा रही है।


पुलिस जांच में जुटी, मर्ग कायम

पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।


गांव में दहशत, सुरक्षा की मांग

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें