भोपाल। एम्स भोपाल लगातार विशेषज्ञ डॉक्टरों के नेतृत्व में देश-विदेश की उच्च स्तरीय चिकित्सा गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है, जिससे आम जनता को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने का मार्ग मजबूत हो रहा है। इसी क्रम में एम्स भोपाल के मेडिकल ऑन्कोलॉजी एवं हीमैटोलॉजी विभाग की फैकल्टी डॉ. आकांक्षा चौधरी ने मुंबई में आयोजित हार्वर्ड मेडिकल स्कूल ऑन्कोलॉजी ट्रेनिंग प्रोग्राम में संस्थान का प्रतिनिधित्व किया।

इस कार्यक्रम में डाना फ़ार्बर कैंसर इंस्टीट्यूट, बोस्टन एवं बेथ इस्राइल डीकॉनेस मेडिकल सेंटर, बोस्टन के विशेषज्ञों के साथ देशभर के ऑन्कोलॉजिस्ट शामिल हुए। इनमें मुंबई के टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल, फोर्टिस हॉस्पिटल और अन्य प्रसिद्ध अस्पतालों एवं संस्थानों के प्रमुख चिकित्सक भी उपस्थित थे।
चर्चा में फेफड़ों के कैंसर और स्तन कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली नई दवाओं, इम्यूनोथेरेपी और टारगेटेड थेरेपी पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया। यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और इसके कारण मरीजों को अब अधिक प्रभावी, सुरक्षित और व्यक्तिगत रूप से अनुकूलित इलाज उपलब्ध होने की संभावना बढ़ रही है। इस तरह की कार्यशालाएँ न केवल डॉक्टरों को नवीनतम शोध और चिकित्सा तकनीकों से अद्यतन करती हैं, बल्कि मरीजों को बेहतर और समयानुकूल उपचार दिलाने में भी बड़ी भूमिका निभाती हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

