सोमवार, 08 जून 2026
Logo
Madhaya Pradesh

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे होने पर 9 जून को प्रदेश में आयोजित होंगे विशेष मातृत्व स्वास्थ्य शिविर : राजेंद्र शुक्ल

08 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे होने पर 9 जून को प्रदेश में आयोजित होंगे विशेष मातृत्व स्वास्थ्य शिविर : राजेंद्र शुक्ल
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे होने पर 9 जून को प्रदेश में विशेष मातृत्व स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रदेश की सभी गर्भवती महिलाओं व उनके परिजनों से अपील की है कि वे 9 जून को आयोजित विशेष प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविरों में पहुंचकर निशुल्क जांच, परामर्श व उपचार सुविधाओं का लाभ जरूर लें।


उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि गर्भावस्था में समय पर जांच और उच्च जोखिम स्थितियों की जल्द पहचान से मातृ व शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा सकता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस अभियान को जन-आंदोलन के रूप में संचालित करते हुए प्रत्येक गर्भवती महिला तक गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए, जिससे मातृ व शिशु मृत्यु दर में और कमी लाई जा सके।


राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की अपर मिशन संचालक दिशा प्रणय नागवंशी ने बताया कि 9 जून को प्रदेश के सभी जिलों में विशेष पीएमएसएमए शिविर आयोजित किए जाएंगे। राज्य के सभी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों, जिला चिकित्सालयों, सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण मातृ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। 


विशेष शिविरों में गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व एवं प्रसवोत्तर जांच, नवीन एवं छूटी हुई गर्भवतियों का पंजीयन, उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की पहचान, उपचार एवं नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाएगा। महिलाओं की रक्तचाप, वजन, बीएमआई, मेडिकल एवं प्रसूति इतिहास की जांच के साथ ही आवश्यक प्रयोगशाला परीक्षण भी किए जाएंगे।


अभियान के अंतर्गत हीमोग्लोबिन, यूरिन एल्बुमिन एवं शुगर, एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, सिफलिस, मलेरिया, सिकल सेल स्क्रीनिंग, ब्लड ग्रुपिंग और ओजीटीटी जैसी महत्वपूर्ण जांचें उपलब्ध कराई जाएंगी। आवश्यकता अनुसार सोनोग्राफी एवं विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आयरन-फोलिक एसिड, कैल्शियम सहित आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।


उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों तथा सुमन हेल्प डेस्क की सक्रिय भागीदारी रहेगी। जरूरतमंद महिलाओं के लिए 108 एम्बुलेंस के माध्यम से निशुल्क परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रदेशभर में व्यापक जन जागरूकता अभियान भी संचालित किया जाएगा। 

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें