
भोपाल। मंडला जिले में एक के बाद एक नवाचार हो रहे हैं। जिनको राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर सोमेश मिश्रा की पहल पर प्रोजेक्ट विजयपथ चलाया जा रहा है। इसका शुभारंभ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने किया। प्रोजेक्ट कक्षा नवमी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए चलाया जा रहा है। जिससे वे करियर गाइडेंस के जरिए समय रहते अपने लक्ष्य पहचान सकें।
मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण और आदिवासी अंचल के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने प्रोजेक्ट विजयपथ को विद्यार्थियों के जीवन में निर्णायक पहल बताया और कहा कि करियर केवल अंक नहीं, बल्कि रुचि, मेहनत और निरंतर प्रयास से बनता है। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट विजयपथ कलेक्टर के प्रयासों से शुरू की गई ऐसी पहल है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक अवसरों की सही जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित किए जाएं कार्यक्रम
मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में युवाओं के सपनों को पंख लगाने के उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार के करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित किए जाएं, तो इसका लाभ और अधिक युवाओं तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब स्कूल काफी दूर हुआ करते थे, लेकिन आज शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक और सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सही समय पर सही शिक्षा और सही मार्गदर्शन ही उन्हें उनकी तय मंजिल तक पहुंचाने में सबसे अधिक सहायक सिद्ध होगा।
‘प्रोजेक्ट विजयपथ’ संघर्षरत युवाओं को विजय के मार्ग पर ले जाएगा: संजय कुशराम
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब युवा अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष करते हैं, ऐसे समय में ‘प्रोजेक्ट विजयपथ’ जैसा प्रयास उन्हें वास्तव में विजय के मार्ग पर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे समय में मार्गदर्शन देने वाला कोई नहीं होता था, इस कमी को हमने स्वयं महसूस किया है। आज के युवा संभावनाओं की तलाश में हैं और उन्हें सही दिशा दिखाना अत्यंत आवश्यक है।
विद्यार्थी सही विषय, दिशा और रणनीति के साथ अपने भविष्य की बना सकेंगे योजना: सोमेश मिश्रा

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने विद्यार्थियों से कहा कि प्रोजेक्ट विजयपथ के अंतर्गत एक्सपर्ट्स पूरे दिन विद्यार्थियों की मदद करेंगे और उन्हें करियर से जुड़े हर पहलू की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि पहले के समय में ऐसा व्यवस्थित मार्गदर्शन उपलब्ध नहीं होता था, जिसके कारण युवाओं को आगे चलकर कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस पहल के माध्यम से वही बातें विद्यार्थियों को शुरुआत में ही स्पष्ट रूप से बता दी जाएंगी, जो आमतौर पर बाद के वर्षों में युवाओं को भ्रम और तनाव में डाल देती हैं। इससे विद्यार्थी सही विषय, सही दिशा और सही रणनीति के साथ अपने भविष्य की योजना बना सकेंगे। आयोजन दो सत्रों में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस, वन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी विद्यार्थियों को करियर से जुड़ा मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त आईटीआई करने वाले युवाओं को निजी कंपनियों में साक्षात्कार देने की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक जानकारियां भी दी जाएंगी, ताकि वे रोजगार के अवसरों का बेहतर तरीके से लाभ उठा सकें।
आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच से तय होती है सफलता की राह: रजत सकलेचा
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा कि आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच से ही सफलता की राह तय होती है। विद्यार्थियों को सफलता के लिए मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी दिन-प्रतिदिन की गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए और संतुलित दिनचर्या अपनानी चाहिए। एसपी ने विद्यार्थियों को ग्रुप डिस्कशन के माध्यम से संवाद कौशल विकसित करने तथा टीमवर्क सीखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने मोबाइल फोन के सीमित और सकारात्मक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि अनावश्यक मोबाइल उपयोग से लक्ष्य भटक सकता है।
60 हजार से अधिक विद्यार्थी कार्यक्रम से जुड़े
कार्यक्रम को शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों तक भी पहुँचाने के लिए लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी इससे जुड़ सकें। लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से जिले भर के 216 स्कूलों के लगभग 60 हजार से अधिक विद्यार्थी कार्यक्रम से जुड़े। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया गया। मुंबई से आए संजय चौबे, जबलपुर के रूपल जोशी और अन्य विशेषज्ञों ने विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्किल डेवलपमेंट और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने सवाल भी पूछे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

