मंगलवार, 08 सितंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सीएम डॉ. मोहन यादव के दुबई प्रवास का तीसरा दिन, आज प्रमुख निवेशकों से करेंगे सीधा संवाद

08 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सीएम डॉ. मोहन यादव के दुबई प्रवास का तीसरा दिन, आज प्रमुख निवेशकों से करेंगे सीधा संवाद
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दुबई यात्रा के तीसरे दिन (मंगलवार) को मध्यप्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण बैठकें और संवाद सत्र आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री यूएई के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद कर मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं, उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं और निवेश अनुकूल नीतियों की जानकारी साझा करेंगे।


इन बैठकों में राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, डीपी वर्ल्ड, ब्यूमर्क कॉरपोरेशन, वेस्ट ज़ोन, केजीके ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और वीएफएस ग्लोबल के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ चर्चा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष महामहिम अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद चैंबर और आईबीपीसी शारजाह के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल मीटिंग होगी।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश की निवेश संभावनाओं, औद्योगिक अवसरों और राज्य की निवेश अनुकूल नीतियों को यूएई के उद्योग प्रतिनिधियों के सामने रखेंगे। साथ ही उन्हें इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। दुबई में मुख्यमंत्री मीडिया से भी संवाद करेंगे। इसके अलावा ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश : संवाद सत्र’ में वे यूएई के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करेंगे।


पर्यावरण, रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस

डॉ. मोहन यादव बीआह समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और इमार के समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में पर्यावरण प्रबंधन, शहरी विकास, रियल एस्टेट और अधोसंरचना जैसे क्षेत्रों में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री इन कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित करेंगे।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें