
भोपाल। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए 'ज्वाइन इंडियन आर्मी' की वेबसाइट पर पंजीकृत अभ्यर्थियों की ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) 1 जून से 12 जून तक होगी। भोपाल के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। विभिन्न श्रेणियों के लिए यह परीक्षा प्रतिदिन चार शिफ्टों में होगी।
इस वर्ष से अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर (टेक्निकल) के पदों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का टाइपिंग टेस्ट भी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर ही लिया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड 15 मई से भारतीय सेना की वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.in) पर उपलब्ध करा दिए गए हैं, जहां से अभ्यर्थी इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल की जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन परीक्षा के लिए भोपाल में दो केंद्र बनाए गए हैं। पहला केंद्र आईओएन डिजिटल जोन प्रेस्टीज श्री जयराम एजुकेशन सोसायटी, कोकता बायपास, रायसेन रोड और दूसरा केंद्र आईओएन डिजिटल जोन आरजीपीएम, सांखेड़ी, दानिश कुंज, कोलार रोड पर स्थित है।
एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट ले जाना अनिवार्य
सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट अनिवार्य रूप से अपने साथ लाएं। साथ ही एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और निर्धारित समय पर अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।
अभ्यर्थियों को दलालों से सावधान रहने की हिदायत
भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है और चयन केवल योग्यता के आधार पर किया जाता है। सेना भर्ती कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को दलालों और धोखाधड़ी करने वालों से सावधान रहने की हिदायत दी है। भर्ती से संबंधित किसी भी प्रकार के स्पष्टीकरण या सहायता के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल के फोन नंबरों 0755-2540954 और 9039018588 पर कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

