
भोपाल। श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र विद्यार्थी 31 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना के अंतर्गत बीड़ी व खदान श्रमिकों के अध्ययनरत संतानों को स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च और व्यावसायिक शिक्षा तक वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को पात्र विद्यार्थियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और समय-सीमा में आवेदन व सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति आवेदन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर एक जून से शुरू हो चुके हैं। विभाग ने महाविद्यालयों से अधिकाधिक पात्र विद्यार्थियों को योजना से जोड़ने और उनके आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रतिवर्ष 1,000 से 25,000 रुपए तक दी जाती है छात्रवृत्ति
योजना के तहत कक्षा एक से लेकर व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 1,000 से 25,000 रुपए तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। कक्षा एक से चौथी तक के विद्यार्थियों को 1,000 रुपए, कक्षा 5 से 8 तक 1,500 रुपए, कक्षा 9 व 10 के विद्यार्थियों को 2,000 रुपए, कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों को 3,000 रुपए तथा आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं डिग्री पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को 6,000 रुपए की सहायता दी जाती है। वहीं, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को 25,000 रुपए प्रतिवर्ष तक की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाती है।
सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में पहुंचती है सहायता राशि
योजना के तहत सहायता राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हस्तांतरित की जाती है। योजना का लाभ बीड़ी श्रमिकों, लौह अयस्क, मैंगनीज एवं क्रोम अयस्क खदान श्रमिकों, चूना पत्थर व डोलोमाइट खदान श्रमिकों के पात्र बच्चों को दिया जाता है। यह योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा जारी रखने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

