सोमवार, 03 अगस्त 2026
Logo
Madhaya Pradesh

कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध: डॉ. मोहन यादव

03 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध: डॉ. मोहन यादव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को बैतूल में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। 


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खेती की नई तकनीकें ही किसानों की समृद्धि का नया द्वार हैं। किसान जितना अधिक नई तकनीकों, आधुनिक कृषि पद्धतियों और शासन की योजनाओं से जुड़ेंगे, उनकी आय उतनी ही बढ़ेगी और खेती अधिक लाभकारी बनेगी।  मध्यप्रदेश में उद्यानिकी (बागवानी) फसलों का उत्पादन बढ़ता जा रहा है। बागवानी फसलों के विकास व विस्तार में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देश का पहला पुरस्कार मध्यप्रदेश को मिला है। यह हमारी सरकार की किसानों की जिंदगी को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है। 


मुख्यमंत्री ने बैतूल जिले की प्राकृतिक सम्पदा, उपजाऊ भूमि और मेहनतकश किसानों की सराहना करते हुए कहा कि जिस धरती को सूर्यपुत्री मां ताप्ती सहित सात नदियों का आशीर्वाद प्राप्त हो, वहां की उर्वरता और कृषि उत्पादन का कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा कि यह किसानों का अपना कार्यक्रम है। किसान कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। हम एग्रीकल्चर सेक्टर में विकास के नये पैमाने लिख रहे हैं। हम जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं।


मध्यप्रदेश आज देश की "फूड बास्केट" के रूप में उभर रहा 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बैतूल ने मक्का उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं, देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। जिले के किसान गेहूं, धान, मक्का और श्रीअन्न जैसी फसलों का उत्कृष्ट उत्पादन कर प्रदेश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मध्यप्रदेश आज देश की "फूड बास्केट" के रूप में उभर रहा है तो उसमें बैतूल की उपजाऊ मिट्टी और किसानों की मेहनत का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे इस महोत्सव का अधिकतम लाभ उठाएं, विशेषज्ञों से संवाद करें, नई तकनीकों को जानें और उन्हें अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ाएं।


हम किसानों की 60 प्रतिशत मूंग खरीदेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि मूंग उत्पादक किसानों की मांग को देखते हुए उपार्जन के लिए पात्र किसानों की सीमा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी गई है। हम किसानों की 60 प्रतिशत मूंग खरीदेंगे। स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 10 अगस्त तथा मूंग उपार्जन की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी गई है। किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को भी हमने तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष समर्थन मूल्य के साथ बोनस देकर गेहूं का रिकॉर्ड उपार्जन किया गया है। 


महोत्सव में इनकी रही मौजूदगी 

बैतूल में हुए कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री तथा बैतूल जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, विधायक चंद्रशेखर देशमुख, विधायक योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, कपिल यार्दे, जयपाल सिंह चावड़ा, राजेन्द्र सिंह राजपूत, अशोक पांसे, सुधाकर पंवार सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित थे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें