शनिवार, 11 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

हमारी सरकार बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा प्रदान करने के लिए संकल्पित हैं: डॉ. मोहन यादव

11 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
हमारी सरकार बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा प्रदान करने के लिए संकल्पित हैं: डॉ. मोहन यादव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को इंदौर में हिन्द रक्षक पुण्योदय प्रकल्प के कार्यक्रम में शामिल हुए और स्कूली छात्राओं को राष्ट्र के महापुरुषों के जीवन चरित्र पर केंद्रित निशुल्क पुस्तकें व कॉपियां वितरित कीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में परिवर्तन लाने का सबसे बड़ा और सशक्त माध्यम है। हमारी सरकार बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा प्रदान करने के लिए संकल्पित हैं। 


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे बच्चे खूब पढ़ें, लिखें, जीवन में आगे बढ़ें, इसके लिए हम राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप बच्चों को आधुनिक तरीके से गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुख और संस्कारयुक्त शिक्षा दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सांदीपनी विद्यालय, पीएमश्री स्कूल और प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में प्रदेश में शिक्षा की त्रिवेणी बन रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ने प्राथमिक स्कूली शिक्षा स्तर पर ड्रॉप-आउट दर को शून्य करने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। हमारे सांदीपनि विद्यालय मॉडल की पूरे देश में सराहना हो रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में हमारे सरकारी विद्यालयों ने शानदार प्रदर्शन किया है। सरकारी विद्यालयों का रिजल्ट प्राइवेट विद्यालयों से बेहतर रहा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बोर्ड के परीक्षा परिणामों में हमारे सांदीपनी विद्यालयों के 58 विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय मेरिट लिस्ट में जगह बनाई है।


लक्ष्मण सिंह गौड़ युवा शक्ति के थे प्रेरणा स्त्रोत 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राजनीति से ज्यादा राष्ट्रहित सर्वोपरि व राष्ट्र प्रथम की नीति को केंद्र में रखते हुए समाज सुधार और लोगों को प्रेरित करने वाले अनेक कार्य हो रहे हैं। हिंद रक्षक संगठन के संस्थापक और जननेता लक्ष्मण सिंह गौड़ (लखन दादा) युवा शक्ति के प्रेरणा स्त्रोत थे। उन्होंने समाज की बेहतरी के लिए तत्कालीन सरकार के कुशासन के खिलाफ आवाज उठाई, मुझे भी उनका सहयोगी बनने का सौभाग्य मिला। 


कार्यक्रम में इन लोगों की रही उपस्थिति 

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, इन्दौर सांसद शंकर लालवानी, पुण्योदय प्रकल्प के संयोजक एकलव्य गौड़, पूर्व मंत्री व विधायक ऊषा सिंह, पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक मालिनी गौड़, विधायक गोलू शुक्ला, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, समाजसेवी गौरव रणदिवे, श्रवण चावड़ा, सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित थे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें