सोमवार, 23 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मोहन कैबिनेट में विकास कार्यों के लिए 7 हजार करोड़ से अधिक मंजूर, अद्वैत लोक पर खर्च होंगे 2,278 करोड़

23 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मोहन कैबिनेट में विकास कार्यों के लिए 7 हजार करोड़ से अधिक मंजूर, अद्वैत लोक पर खर्च होंगे 2,278 करोड़
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के विकास, बिजली, सहकारिता, दुग्ध उत्पादन और धार्मिक पर्यटन से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट ने विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के लिए 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी। 


ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये और 46 हजार से अधिक घरों के विद्युतीकरण के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये मंजूर किए गए। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी साझा की।


कैबिनेट के प्रमुख फैसले


अद्वैत लोक निर्माण: ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में अद्वैत लोक (शंकर संग्रहालय) के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये मंजूर।

विद्युतीकरण: प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 46,574 घरों और 54 शासकीय संस्थानों में बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये स्वीकृत।

सहकारी बैंकों को राहत: 9 कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को मजबूत बनाने के लिए 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता।

दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा: देशी गौवंश के संरक्षण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को मंजूरी।

मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान: योजना को 2030-31 तक जारी रखने के लिए 1,165 करोड़ रुपये स्वीकृत।

प्रशासनिक योजनाएं: सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं के संचालन के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये मंजूर।

सहकारी समितियों के चुनाव: बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के चुनाव की अवधि एक साल बढ़ाने का निर्णय।

खनिज अन्वेषण: मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम को खनिज अन्वेषण एवं सर्वेक्षण कार्यों की नोडल एजेंसी बनाया गया।


गोपालकों की बढ़ेगी आय

प्रदेश में दुग्ध उत्पादन दोगुने से अधिक करने और मध्यप्रदेश को मिल्क कैपिटल बनाने के उद्देश्य से गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना लागू की गई है। वर्ष 2026-27 में 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक चिन्हित वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता होगी। इसके बाद 2027-28 से प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। योजना में प्रतिदिन कम से कम 6 लीटर दूध देने वाली उन्नत देशी नस्ल की गाय पालने वाले गोपालक पात्र होंगे। विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 1 लाख, द्वितीय 50 हजार और तृतीय 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। पुरस्कार राशि का उपयोग देशी गौवंश के संरक्षण और संवर्धन में करना अनिवार्य होगा।


अद्वैत लोक में दिखेगा आचार्य शंकर का जीवन दर्शन

ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में बनने वाले अद्वैत लोक में हाईस्क्रीन थिएटर, माया गैलरी, लेजर लाइट एवं साउंड शो, अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केंद्र, कला वीथिका, शंकर स्तंभ, अन्नपूर्णा और कलाग्राम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनके माध्यम से आचार्य शंकर के जीवन, योगदान और अद्वैत वेदांत दर्शन को प्रदर्शित किया जाएगा।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें