
नई दिल्ली। ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स की Global Cities Index 2026 रिपोर्ट में भारत के शहरों की आर्थिक संभावनाओं को लेकर बड़ा संकेत सामने आया है। 57 Emerging Standouts में 46 शहर भारत के हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक 2050 तक दिल्ली दुनिया की 14वीं सबसे बड़ी शहरी अर्थव्यवस्था बन सकती है और उसका आर्थिक उत्पादन 2 ट्रिलियन डॉलर (191.55 लाख करोड़ रुपये) से अधिक पहुंचने का अनुमान है।
1,000 शहरों के अध्ययन में भारत की बड़ी मौजूदगी
ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स ने दुनिया के 1,000 शहरों का विभिन्न आर्थिक और विकास संबंधी पैमानों पर आकलन किया है। इनमें 57 शहरों को ‘Emerging Standouts’ श्रेणी में रखा गया है।
इस समूह में भारत के 46 शहर हैं। यानी इस श्रेणी में शामिल शहरों का बड़ा हिस्सा भारत से है। यह वर्ग उन विकासशील देशों के शहरों के लिए इस्तेमाल किया गया है, जहां उत्पादकता वृद्धि राष्ट्रीय औसत से तेज और प्रति व्यक्ति आय अपेक्षाकृत अधिक है।
भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर भी सूची में
मध्यप्रदेश के तीन शहर—भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर इस वैश्विक उभरते शहरों की सूची में शामिल किए गए हैं। राजस्थान से जयपुर और उदयपुर को जगह मिली है। राज्यवार देखें तो तमिलनाडु के 7 शहर इस श्रेणी में हैं, जबकि कर्नाटक के 6 शहर शामिल हैं। महाराष्ट्र और गुजरात से 5-5 शहर सूची में हैं।
बेंगलूरु की तीन अलग-अलग श्रेणियों में एंट्री
रिपोर्ट में बेंगलूरु को तेजी से विकसित हो रहे ग्लोबल टेक हब के तौर पर दर्ज किया गया है। शहर को तीन श्रेणियों में जगह मिली है—
- Regional Leader
- Developing Megacity
- Emerging Standout
रिपोर्ट में अगले 5 वर्षों के दौरान बेंगलूरु को दुनिया का पांचवां सबसे तेज बढ़ने वाला शहर भी बताया गया है।
टेक्नोलॉजी और बिजनेस सर्विसेज से बढ़ रही ताकत
ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स के आकलन में भारतीय शहरों की आर्थिक गति के पीछे हाई-प्रोडक्टिविटी सेक्टरों की ओर बढ़ता रुझान प्रमुख कारकों में है। इनमें टेक्नोलॉजी, फाइनेंशियल सर्विसेज और बिजनेस सर्विसेज जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इन वैश्विक श्रेणियों में भी भारतीय शहर
रिपोर्ट में अलग-अलग श्रेणियों में भारतीय शहरों की मौजूदगी इस तरह दर्ज की गई है—
Regional Leaders: बेंगलूरु, चेन्नई, दिल्ली, मुंबई
Industrial Hubs: बोकारो, धनबाद, सूरत
Developing Megacities: बेंगलूरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई
2050 तक आर्थिक उत्पादन और GDP: दिल्ली, मुंबई
2050 तक जनसंख्या और जनसांख्यिकी की टॉप-20 सूची: दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, बेंगलूरु
कुछ प्रमुख वैश्विक श्रेणियों में भारत को जगह नहीं
समग्र Global Cities Index में भारतीय शहरों की स्थिति हर श्रेणी में एक जैसी नहीं रही। Global Leaders, Cultural Capitals और Sustainable Cities वाली श्रेणियों में भारत का कोई शहर शामिल नहीं हुआ। इसके अलावा 1,000 शहरों के पांच पैमानों पर आधारित समग्र वैश्विक सूचकांक में कोई भारतीय शहर शीर्ष 250 में जगह नहीं बना सका।
भारत के 46 Emerging Standouts शहर
रिपोर्ट में शामिल भारतीय शहर हैं—
दिल्ली, जयपुर, भोपाल, सूरत, आगरा, अहमदाबाद, अमरावती, अमृतसर, बेलगावी, बेंगलुरु, भावनगर, भुवनेश्वर, बोकारो, चंडीगढ़, चेन्नई, कोयंबटूर, गुंटूर, ग्वालियर, हुबली-धारवाड़, हैदराबाद, जबलपुर, जालंधर, जमशेदपुर, कलबुर्गी, कन्नूर, कोलकाता, लुधियाना, मदुरई, मंगलुरु, मेरठ, मुंबई, मैसूरु, नागपुर, नेल्लोर, पटना, पुणे, राजकोट, सेलम, सोलापुर, तिरुचिरापल्ली, तिरुपुर, उदयपुर, वडोदरा, वेल्लोर, विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

