
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में पचमढ़ी जाने वाला मार्ग देर रात उस समय दहशत में बदल गया, जब दो बाघों ने एक चलती कार और बाइक सवार दंपति पर हमला करने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है और वन विभाग ने लोगों को रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी है।
कार के शीशे पर मारा पंजा, पीछे भी दौड़े बाघ
पिपरिया निवासी सुजीत पटवा के अनुसार, वह देर रात करीब 2 बजे नागपुर से लौट रहे थे। डोकरीखेड़ा और झिरिया के बीच पहले एक बाघ सड़क पर दिखाई दिया। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर माइल स्टोन के पास छिपे दूसरे बाघ ने अचानक कार पर हमला कर दिया और शीशे पर पंजा मारा। इसके बाद दोनों बाघ कुछ दूर तक कार के पीछे भी दौड़े। चालक ने तेज रफ्तार से वाहन निकालकर अपनी जान बचाई।
बाइक सवार दंपति भी बने निशाना
चेक पोस्ट पहुंचने पर पहले से मौजूद एक बाइक सवार दंपति ने भी बताया कि उन पर भी बाघ ने हमला करने की कोशिश की थी। दोनों किसी तरह सुरक्षित निकलकर वन विभाग के चेक पोस्ट तक पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी अधिकारियों को दी।
राहगीरों को रोका, पुलिस और वन विभाग को दी सूचना
कार चालक ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने झिरिया चेक पोस्ट पर काफी देर रुककर अन्य बाइक सवारों और बस चालकों को आगे न जाने की सलाह दी। बाद में डायल-112 को भी घटना की सूचना दी गई।
झिरिया और मटकुली के बीच घूम रहे हैं 6 बाघ
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) के अनुसार, झिरिया और मटकुली के आसपास सड़क किनारे करीब 6 बाघ सक्रिय हैं। झिरिया क्षेत्र में दो नर बाघ देखे गए हैं, जबकि मटकुली के पास एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ घूम रही है। यही वजह है कि इस मार्ग पर लगातार सतर्कता बरती जा रही है।
वन विभाग ने जारी की चेतावनी
घटना के बाद वन विभाग और एसटीआर की गश्ती टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले इस मार्ग से यात्रा करने से बचें और जंगल क्षेत्र से गुजरते समय पूरी सावधानी बरतें। घटना के बाद कई लोग दिन में भी इस रास्ते से गुजरने से डर रहे हैं।
एसडीओ ने क्या कहा?
पिपरिया बफर क्षेत्र के एसडीओ आशीष खोबरागढ़े ने बताया कि झिरिया के पास कार और बाइक पर बाघों के हमले की सूचना मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सामान्य वन क्षेत्र में हुई है। वन विभाग की टीम को सतर्क कर दिया गया है और कार चालक तथा बाइक सवारों से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

