मंगलवार, 30 जून 2026
Logo
Madhaya Pradesh

पन्ना के एक ही परिवार की दूसरी बार चमकी किस्मत, बेटे को मिला 11.19 कैरेट का हीरा, पिता पहले बन चुके हैं लखपति

30 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
पन्ना के एक ही परिवार की दूसरी बार चमकी किस्मत, बेटे को मिला 11.19 कैरेट का हीरा, पिता पहले बन चुके हैं लखपति
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक आदिवासी परिवार की मेहनत रंग लाई है। खदान में खुदाई कर रहे परिवार के सदस्य को 11.19 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 35 से 40 लाख रुपये आंकी गई है।


दिलचस्प बात यह है कि यही परिवार इससे पहले भी बड़ी सफलता हासिल कर चुका है। साल 2024 में इसी परिवार के मुखिया को 19.22 कैरेट का हीरा मिला था, जिसकी कीमत 93 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच बताई गई थी।


अहिरगुवा कैंप की खदान में मिला बेशकीमती हीरा

सोमवार को अहिरगुवा कैंप की उथली हीरा खदान में खुदाई के दौरान राकेश गौड़, पिता चुनुवादा गौड़, निवासी अहिरगुवा, को मिट्टी के बीच चमक दिखाई दी। मिट्टी हटाने पर उन्हें एक हीरा मिला, जिसे लेकर वे सीधे हीरा कार्यालय पहुंचे। जांच के बाद अधिकारियों ने इसे 11.19 कैरेट का Brilliant Gem-Quality Diamond बताया। हीरे को शासकीय प्रक्रिया के तहत कार्यालय में जमा करा लिया गया है। अब इसे आगामी सरकारी नीलामी में रखा जाएगा।


अप्रैल में लिया था पट्टा, दो महीने में मिली सफलता

राकेश गौड़ लंबे समय से हीरा मिलने की उम्मीद में मेहनत कर रहे थे। उन्होंने अप्रैल 2026 में अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ खदान का पट्टा लिया था। करीब दो महीने तक लगातार खुदाई करने के बाद उन्हें यह सफलता मिली, जिससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।


पिता को 2024 में मिला था 19.22 कैरेट का हीरा

राकेश गौड़ का परिवार पहले भी हीरे की वजह से चर्चा में आ चुका है। जुलाई 2024 में उनके पिता चुनुवादा गौड़ को कृष्णा कल्याणपुर पटी बजरिया स्थित खदान में खुदाई के दौरान 19.22 कैरेट का हीरा मिला था। उस समय इस हीरे की अनुमानित कीमत 93 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये के बीच बताई गई थी। इसके बावजूद परिवार ने हीरे की तलाश का काम जारी रखा।


आगे भी जारी रहेगी हीरे की तलाश

राकेश गौड़ का कहना है कि इस बार मिलने वाली राशि का उपयोग भी वे नई खदान लगाने में करेंगे। उनका परिवार आगे भी मेहनत के दम पर किस्मत आजमाने का इरादा रखता है।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें