
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ देश की सेवा की है। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी संवैधानिक जिम्मेदारी आज प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रसेवा तक पहुंची है। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवास जिले के पुंजापुरा में वडनगर से वाराणसी जा रही ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ के स्वागत कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के प्रदेश के 35 लाख 42 हजार हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक से 212 करोड़ 57 लाख रुपए अंतरित किए। साथ ही करणावत पुलिस सहायता केंद्र को पुलिस थाना बनाने, पुलिस जवानों के आवास और शासकीय गोदाम के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प बाइक यात्रा में बाइक राइड भी की, मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी और हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया। उन्होंने बाइक राइडर्स के साथ पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और सांसद वीडी शर्मा मौजूद रहे।
युवाओं में बढ़ रही उद्यमशीलता
यात्रा में शामिल शाजापुर निवासी दीपेश गोटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल संवाद में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों के युवाओं से मिलने, उनकी भाषाएं सीखने और संस्कृति को समझने का अवसर मिला। प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश के युवाओं द्वारा दूसरे राज्यों में व्यापार के अवसर तलाशने की पहल की सराहना की। उन्होंने ने बताया कि यात्रा में ‘माय प्रामिस टू मोदी जी’ पहल के तहत 25 सेवा कार्य तय किए गए हैं और प्रत्येक सेवा यात्री को इनमें से किसी एक सेवा का संकल्प दिलाया जा रहा है।
25 सितंबर से फिर दौड़ेंगी राज्य परिवहन की बसें
मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से मध्यप्रदेश में 20 साल से बंद राज्य परिवहन निगम की बस सेवा फिर शुरू होगी। नगरीय निकायों के साथ एक शहर से दूसरे शहर और दूसरे राज्यों के लिए भी बसें चलेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सड़क नेटवर्क करीब 5 लाख किलोमीटर है और हाइवे तथा एक्सप्रेस-वे का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।
किसानों और महिलाओं के लिए सरकार के प्रयास
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में सिंचित कृषि क्षेत्र बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है। इस वर्ष किसानों से गेहूं 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा गया, जिसमें एमएसपी पर 40 रुपये बोनस शामिल है। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं को दी जा चुकी है और पात्र महिलाओं को अगले वर्ष योजना से जोड़ा जाएगा।
प्राथमिक स्कूलों में ड्रॉपआउट दर अब शून्य हो गई
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकारी प्राथमिक स्कूलों में ड्रॉपआउट दर अब शून्य हो गई है। स्कूल शिक्षा का बजट 38 हजार करोड़ रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस विभाग में 18 हजार पदों पर भर्ती की गई है और एमएसएमई क्षेत्र से 1.20 करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है। कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल सहित क्षेत्रीय विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सेवा संकल्प बाइक यात्री और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

