
भोपाल। मध्य प्रदेश में PM SVANidhi Yojana के तहत पथ विक्रेताओं को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए 1 जून से 30 जून तक विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र स्ट्रीट वेंडर योजना के लाभ से वंचित न रहे। इस अभियान में ऋण, डिजिटल भुगतान और बैंकिंग सुविधाओं तक आसान पहुंच पर खास जोर दिया गया है।
पूरे जून चलेगा विशेष महाअभियान
राज्य सरकार के अनुसार, यह अभियान पूरे प्रदेश में 1 जून से 30 जून तक संचालित किया जा रहा है। जिला मुख्यालयों पर स्वनिधि महोत्सव आयोजित होंगे, जबकि नगरीय निकायों में 'सेवाएं आपके द्वार' की तर्ज पर लाभार्थियों तक सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी। इसके जरिए योजना का दायरा और बढ़ाने की तैयारी है।
सफल पथ विक्रेताओं की कहानियां बनेंगी प्रेरणा
स्वनिधि महोत्सव के दौरान योजना से लाभान्वित पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि अन्य छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिल सके। इसी के साथ जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष फोकस रहेगा।
अब तक 10 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को मिला लाभ
सरकार ने बताया कि राज्य शासन, नगरीय निकायों और ऋणदाता संस्थाओं के सहयोग से अब तक 10 लाख से अधिक पथ विक्रेताओं को पीएम स्वनिधि योजना का लाभ मिल चुका है। अब अभियान के जरिए ऐसे पात्र लोगों तक भी योजना पहुंचाने की कोशिश होगी, जो अब तक इससे नहीं जुड़ सके हैं।
लोक कल्याण मेलों में मिलेंगी कई सुविधाएं
नगरीय निकायों में आयोजित होने वाले लोक कल्याण मेलों में पथ विक्रेताओं को कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें ₹15,000 तक बिना गारंटी ऋण, न्यूनतम ब्याज दर पर वित्तीय सहायता, क्रेडिट कार्ड संबंधी जानकारी, डिजिटल भुगतान का प्रशिक्षण और बैंकिंग सेवाओं तक आसान पहुंच जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इससे छोटे कारोबारियों के लिए आर्थिक गतिविधियां और आसान होने की उम्मीद है।
बैंकर्स और वेंडर्स की होगी सीधी बैठक
अभियान के दौरान बैंक अधिकारियों और पथ विक्रेताओं के बीच विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है। वहीं, नगरीय निकाय सहायता केंद्रों के माध्यम से वेंडर्स की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया जाएगा।
दूरस्थ क्षेत्रों में लगेंगे विशेष स्वनिधि कैंप
सरकार ने दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले पथ विक्रेताओं को योजना से जोड़ने के लिए सेंसस टाउन स्तर पर विशेष स्वनिधि कैंप लगाने का निर्णय लिया है। इन शिविरों में नए और छूटे हुए पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनका पंजीयन कराया जाएगा। साथ ही ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र पथ विक्रेता योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

