
भोपाल। मध्यप्रदेश में निगम, मंडल और आयोगों में राजनीतिक नियुक्तियों का दौर शुरू हो गया है। इसकी शुरुआत राज्य वित्त आयोग से की गई है। राज्य सरकार ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया को छठवें राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सरकार ने उनके नाम पर सहमति बनने के बाद इस नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस फैसले के साथ ही जयभान सिंह पवैया की सक्रिय राजनीति में वापसी भी मानी जा रही है।
ग्वालियर-चंबल की राजनीति में फिर हलचल
जयभान सिंह पवैया की इस नियुक्ति को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय से वे सक्रिय राजनीति से थोड़ा दूर नजर आ रहे थे, लेकिन अब उनकी वापसी से क्षेत्रीय राजनीति में नई हलचल तेज हो सकती है।
कौन हैं जयभान सिंह पवैया?
जयभान सिंह पवैया मध्यप्रदेश बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं। वे शिवराज सिंह चौहान सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने 2013 से 2018 तक मंत्री पद संभाला। वे ग्वालियर से लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। सांसद बनने से पहले वे बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक थे। उन्हें एक हार्डकोर हिंदूवादी नेता के रूप में जाना जाता है। ग्वालियर-चंबल इलाके में उनका खासा प्रभाव रहा है।
आयोग में और कौन-कौन शामिल
राज्य सरकार ने वित्त आयोग में अन्य नियुक्तियों का भी ऐलान किया है। पूर्व आईएएस केके सिंह को सदस्य बनाया गया है विधानसभा के पूर्व एडिशनल सेक्रेटरी वीरेंद्र कुमार को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। वीरेंद्र कुमार पहले राज्य वित्त सेवा के अधिकारी रह चुके हैं और मध्यप्रदेश वित्त विभाग में एडिशनल सेक्रेटरी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

