मंगलवार, 08 सितंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

पोवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कंपोजिट हब को अंतरदेशीय लॉजिस्टिक्स का बनाया जाएगा प्रमुख प्रवेश द्वार, सीएम डॉ. मोहन यादव व डीपी वर्ल्ड के सीईओ के बीच हुई चर्चा

08 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
पोवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कंपोजिट हब को अंतरदेशीय लॉजिस्टिक्स का बनाया जाएगा प्रमुख प्रवेश द्वार, सीएम डॉ. मोहन यादव व डीपी वर्ल्ड के सीईओ के बीच हुई चर्चा
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में आयोजित एनुअल इन्वेस्टमेंट मीटिंग (एआईएम) कांग्रेस-2026' के तीसरे दिन मंगलवार को डीपी वर्ल्ड के सीईओ रिजवान सूमार के साथ चर्चा की। दोनों के बीच पोवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कंपोजिट हब को अंतरदेशीय लॉजिस्टिक्स के प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में स्थापित किए जाने पर चर्चा हुई। 


दोनों के बीच लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन सहित कई मुद्दों पर बातचीत हुई। डीपी वर्ल्ड मध्यप्रदेश में पहले से ही संचालित है। इसलिए इसका ज्यादा विस्तार कर और फायदा लिया जा सकता है। इस बैठक में दोनों के बीच मध्यप्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को लेकर भी चर्चा हुई। सीएम डॉ. मोहन यादव ने सूमार को अगले साल होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर समिट-2027 का भी निमंत्रण दिया। 


 बैठक में प्रमुख औद्योगिक और कृषि क्लस्टरों को सेवा देने वाली मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और कोल्ड-चेन सुविधाएं मुहैया कराए जाने पर बात हुई। यह चर्चा भी हुई कि मध्यप्रदेश के निर्यातकों को प्रमुख पोर्ट और वैश्विक व्यापार गलियारों से सीधा जोड़ना चाहिए। कुशल रेल-आधारित माल ढुलाई के माध्यम से लॉजिस्टिक्स लागत और ट्रांसपोर्ट का समय कम करते हुए किसानों, एफपीओ, एमएसएमई और उद्योगों के लिए कार्गो समेकन, मूल्य संवर्धन और निर्यात सहायता प्रदान की जाए। बैठक में मध्यप्रदेश में आईसीडी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई।


भारत सहित 80 देशों में फैला व्यापार

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सूमार ने बताया कि डीपी वर्ल्ड कंपनी एंड-टू-एंड सप्लाई चेन और व्यापार समाधानों की एकीकृत वैश्विक प्रदाता है। यह दुबई सरकार की 100% स्वामित्वता वाली कंपनी है। यह कंपनी पोर्ट, टर्मिनल, कॉन्ट्रैक्ट लॉजिस्टिक्स, फ्रेट फॉरवर्डिंग, समुद्री सेवाएं और आर्थिक क्षेत्र संचालित करती है। कंपनी का टर्नओवर करीब 2 लाख 12,300 करोड़ है। कंपनी भारत सहित 80 देशों में काम कर रही है।


बेहतर हुआ ट्रांसपोर्टेशन

बैठक में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सूमार को बताया कि उन्होंने मध्यप्रदेश में नई उद्योग नीतियां लागू की हैं। इसका निवेशकों को बड़ा फायदा मिल सकता है। मध्यप्रदेश की कनेक्टिवटी देश के हर कोने और पोर्ट से है। प्रदेश में नए एयरपोर्ट बनने से ट्रांसपोर्टेशन और बेहतर हो गया है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें