
भोपाल। मध्य प्रदेश में जनगणना 2027 की तैयारियां अब तेज होती नजर आ रही हैं। राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आज सुबह 11 बजे राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही है। इस बैठक में प्रदेशभर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल होकर जनगणना की प्रक्रिया और नई तकनीकों की जानकारी हासिल करेंगे।
55 कलेक्टर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के 55 कलेक्टर, 16 निगमायुक्त और 12 संभागायुक्त हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जनगणना के पहले चरण से पहले प्रशासनिक स्तर पर तैयारी को मजबूत करना और अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया से अवगत कराना है। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया की मौजूदगी भी रहेगी।
एक मई से शुरू होगा पहला चरण
जानकारी के अनुसार जनगणना का पहला चरण एक मई से शुरू किया जाएगा। इस चरण में मकानों की गणना और बेसिक डेटा कलेक्शन का काम किया जाएगा। अधिकारियों को नीति, सवालों की संरचना, डिजिटल टूल्स के उपयोग और फंड वितरण से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सीएम मोहन यादव का दमोह और छतरपुर दौरा
इधर मुख्यमंत्री मोहन यादव आज दमोह और छतरपुर के दौरे पर रहेंगे। वे दमोह जिले के ग्राम देवरी हरदुआ पहुंचकर किसानों के सम्मेलन में शामिल होंगे और नोहलेश्वर महोत्सव के दौरान किसानों से संवाद करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम गड़ा में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
शाम को खजुराहो से भोपाल लौटेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 5 बजे बागेश्वर धाम से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर करीब 5:15 बजे खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे 5:20 बजे विमान से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रशासनिक और कृषि से जुड़े कार्यक्रमों के चलते इस दौरे को अहम माना जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

