
बैतूल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि किसी भी समाज का सशक्तिकरण केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं होता। शिक्षा, अध्यात्म, मानसिक विकास और आत्मसम्मान भी उतने ही जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वाभिमान के साथ जीवन जीता है, तभी वास्तविक सशक्तिकरण संभव होता है।
ब्रह्मकुमारी संस्थान के प्रयासों की सराहना
राष्ट्रपति बैतूल में आयोजित 'एम्पावरमेंट ऑफ ट्रायबल सोसायटी बाय स्पिरिचुअल अवेकनिंग' कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि ब्रह्मकुमारी संस्थान आदिवासी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और उनकी सोच को नई दिशा देने का काम कर रहा है। इसके लिए उन्होंने संस्था का आभार भी व्यक्त किया।
आदिवासी समाज कभी मांग नहीं करता
राष्ट्रपति ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार आदिवासी समाज के लिए कई योजनाएं चला रही है। कुछ लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अब भी लोग इससे वंचित हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे कभी किसी से मांग नहीं करते, बल्कि धैर्यपूर्वक इंतजार करते हैं कि उनके लिए भी अवसर आएगा।
आत्मसम्मान और शांति उनकी सबसे बड़ी पहचान
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि आदिवासी समाज आत्मसम्मान के साथ जीवन जीता है। वे अपनी परेशानियां भी बहुत कम लोगों से साझा करते हैं और शांतिपूर्ण जीवन को प्राथमिकता देते हैं। यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
युवाओं से आधुनिक शिक्षा और डिजिटल दुनिया से जुड़ने की अपील
राष्ट्रपति ने आदिवासी युवाओं से आधुनिक शिक्षा अपनाने और डिजिटल तकनीक से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ तकनीक को अपनाना जरूरी है, लेकिन इसके साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को भी सुरक्षित रखना उतना ही महत्वपूर्ण है।
सीएम मोहन यादव ने बताया राष्ट्रपति का आगामी कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपति के मध्य प्रदेश दौरे को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रपति 19 जून को ओंकारेश्वर में सिकल सेल एनीमिया से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद 20 जून को जबलपुर जाएंगी, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में भाग लेंगी और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। वहीं 22 जून को वे कूनो नेशनल पार्क में चीता प्रोजेक्ट का अवलोकन करने के बाद ग्वालियर से दिल्ली रवाना होंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

