
भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 से 21 जून तक चार दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगी। इस दौरान उनका धार्मिक, शैक्षणिक और सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का प्रस्तावित कार्यक्रम है। वहीं, 19 और 20 जून को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। दोनों वीवीआईपी दौरों को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सभी इंतजामों की समीक्षा की जा रही है।
राष्ट्रपति मुर्मू इन शहरों का करेंगी दौरा
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति ओंकारेश्वर, उज्जैन, कूनो और जबलपुर जाएंगी। इन सभी स्थानों पर अलग-अलग कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता तय की गई है। उनके दौरे को लेकर संबंधित जिलों में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। अंतिम कार्यक्रम में आवश्यकता अनुसार बदलाव भी संभव है।
21 जून को योग दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल
राष्ट्रपति 21 जून को जबलपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का भी दौरा
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर 19 और 20 जून को मध्य प्रदेश प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे सांवेर में इंदौर-उज्जैन एक्सप्रेस-वे के भूमिपूजन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
ऊर्जा और नगरीय विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री उज्जैन में ऊर्जा विभाग की योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा नगरीय विकास एवं आवास विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और परियोजनाओं पर भी अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

