भोपाल । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को मिले प्रचंड जीत पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के दौरान एक दूसरे को मिष्ठान्न खिलाकर बधाई दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवडा एवं प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल ने पार्टी प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय में ढोल-ढमाकां तथा आतिशबाजी कर एक दूसरे को मिष्ठान खिलाकर उत्सव मनाया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकासवादी नीतियों से बिहार में एनडीए को ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई है। बिहार की जनता ने एनडीए को प्रचंड जीत दिलाकर परिवारवाद और भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाया है। कांग्रेस पार्टी सहित विपक्षी दलों को आरोपों की राजनीति छोड़ बिहार चुनाव में मिली असफलता पर आत्मचिंतन करना चाहिए।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा और एनडीए को मिली यह प्रचंड जीत राष्ट्रवाद और विकासवाद की जीत है। बिहार की जनता ने कांग्रेस और आरजेडी को पूरी तरह से नकार कर स्पष्ट कर दिया है परिवारवादी राजनीति अब नहीं चलेगी। बिहार की जनता ने भाजपा और एनडीए को प्रचंड बहुमत देकर अपना आशीर्वाद दिया है।
पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन, कार्यकर्ताओं की मेहनत से मिली जीत- हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि बिहार में मिली प्रचंड जीत ने एक बार फिर ये साबित कर दिया है कि देश का नेतृत्व और आम जन की चिंता अगर कोई कर सकती है, तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ही है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं नीतीश कुमार की सरकारों की गरीब कल्याण की योजनाओं तथा सबको साथ लेकर चलने की नीतियों का प्रतिफल है।
बिहार चुनाव में एनडीए ने भारी बहुमत के लिए मैं मध्यप्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं, जिनके नेतृत्व में भाजपा और एनडीए को ऐतिहासिक सफलता मिली है। साथ ही मैं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह , राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी को भी धन्यवाद देता हूं, जिनके मार्गदर्शन में हमारे कार्यकर्ताओं ने अपने परिश्रम की पराकाष्ठा कर यह जीत हासिल की है। इसके साथ ही मैं नीतीश कुमार एवं बिहार की जनता को भी धन्यवाद देता हूं जिन्होंने एक बार फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित मध्यप्रदेश से भी बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बिहार चुनाव कार्य में जुटे हुए थे। इस जीत में उनके अथक परिश्रम का भी योगदान है, जिसके लिए मैं उन्हें भी बधाई और धन्यवाद देता हूं।
नेतृत्व की भूमिका पर विचार करे विपक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि इन चुनाव परिणामों को दृष्टिगत रखते हुए मैं विपक्षी दलों और विशेषकर कांग्रेस पार्टी से यह आग्रह करता हूं कि वे अपने नेतृत्व की भूमिका पर फिर से विचार करें। उन्हें उन नेताओं की भूमिका पर भी विचार करना चाहिए, जिनके नेतृत्व में देश और प्रदेश में एक के बाद एक लगातार हार मिल रही है। कांग्रेस पार्टी को यह देखना चाहिए वर्तमान नेतृत्व के चलते क्यों उन्हें बार-बार हार का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को बिहार की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है। कांग्रेस पार्टी को आरोपों की राजनीति छोड़कर आत्मचिंतन करना चाहिए कि आखिर जनता उनसे इतनी नाराज क्यों है ? हमारे लोकतांत्रिक देश में प्रत्येक दल का नेतृत्व इस प्रकार का होना चाहिए, जो लोकतंत्र को मजूबत कर सके। राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं पर मिथ्या आरोप लगाकर भारत की लोकतांत्रिक गरिमा को लगातार कमजोर करने का प्रयास करते रहे हैं।
बिहार की जनता ने दिया सुशासन और विकास का साथ-डॉ. महेंद्र सिंह
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में मिली ऐतिहासिक विजय पर बिहार समेत पूरे देश में उत्सव का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए को भारी बहुमत मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास रहा है। बिहार की जनता ने विकास और सुशासन के प्रति अपना विश्वास पुनः प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कुशल प्रबंधन तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी का संगठनात्मक रणनीति के चलते पूरे देश में आज हर जगह उत्सव का वातावरण दिखाई दे रहा है।
मध्यप्रदेश भाजपा कार्यालय सहित देश भर में कार्यकर्ताओं का उत्साह अद्भुत है। मैं बिहार की जनता का विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं कि उनके आशीर्वाद तथा भाजपा, जदयू कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से यह ऐतिहासिक परिणाम संभव हुआ है। विजय उत्सव के दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, डॉ. प्रभुराम चौधरी, डॉ. निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री लता वानखेडे, राहुल कोठारी, गौरव रणदीवे, प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, अर्चना सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद माया नारोलिया, प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया, डॉ. दुर्गेश केसवानी, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बडी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा ने माना।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

