रविवार, 23 अगस्त 2026
Logo
Madhaya Pradesh

निर्मल कुमार केसवानी की स्मृति में पत्रकार सम्मान समारोह, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

23 अग, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
निर्मल कुमार केसवानी की स्मृति में पत्रकार सम्मान समारोह, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। वरिष्ठ समाजसेवी एवं जनसेवा के लिए समर्पित रहे स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की छठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी भोपाल में दो दिवसीय श्रद्धांजलि एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को सिटी प्रेस क्लब एवं श्री निर्मल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पत्रकारों के लिए ‘सावन संगम समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा, पत्रकारिता और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।


पत्रकारों और समाजसेवियों को ‘पर्यावरण मित्र सम्मान’

कार्यक्रम में शहर के प्रमुख समाजसेवियों और पत्रकारों को सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की समाजसेवा की परंपरा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


स्वर्गीय निर्मल केसवानी की स्मृति में किया वृक्षारोपण

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय दादा निर्मल केसवानी की स्मृति में वृक्षारोपण भी किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी, शहर के वरिष्ठ पत्रकार और अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए। आयोजकों ने कहा कि स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी ने सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। उनकी स्मृति में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना उनके विचारों को आगे बढ़ाने की दिशा में यह एक प्रयास है।


‘जहां सरकार नहीं पहुंचती, वहां पत्रकार पहुंच जाते हैं’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने पत्रकारिता की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “जहां सरकार नहीं पहुंचती, वहां पत्रकार पहुंच जाते हैं।” उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के उन मुद्दों को भी सामने लाते हैं, जो आम लोगों की आवाज बनकर शासन-प्रशासन तक पहुंचते हैं।


‘पत्रकार न दोस्त होता है, न दुश्मन’

नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने पत्रकारों की भूमिका पर कहा कि “पत्रकार न किसी का दोस्त होता है और न दुश्मन, पत्रकार पत्रकार होता है।” उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सूत्र बेहद तेज और काफी सटीक होते हैं। लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका महत्वपूर्ण है और समाज की वास्तविक तस्वीर सामने लाने में पत्रकारों का योगदान अहम है।


कांग्रेस नेता जेपी धनोपिया ने भी रखे विचार

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता जेपी धनोपिया ने कहा कि पत्रकार के जीवन का संघर्ष बहुत कम लोग देख पाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का महत्व पहले भी था, आज भी है और भविष्य में भी बना रहेगा। उन्होंने पत्रकारों के सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।


24 अगस्त को शीतल दास की बगिया में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम

स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी की पुण्यतिथि 24 अगस्त को है। इस अवसर पर शाम 6 बजे शीतल दास की बगिया में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में संध्या झूलेलाल की फौज की ओर से स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इस अवसर पर उनके परिजन, सामाजिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक एकत्र होकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करेंगे।


‘उनकी स्मृतियां हमारी पूंजी हैं’

पुण्यतिथि के अवसर पर परिजनों ने कहा कि निर्मल कुमार केसवानी की मधुर स्मृतियां आज भी उनके लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके आदर्शों और सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। परिजनों ने कहा कि स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी के पदचिह्नों पर चलते हुए समाजसेवा और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।


सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से आयोजन

श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन निर्मल वेलफेयर फाउंडेशन एवं जागृत हिंदू मंच के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन से जुड़े डॉ. दुर्गेश केसवानी ने लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर स्वर्गीय निर्मल कुमार केसवानी को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें