सोमवार, 20 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनियों में 1000 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में रायपुर के कारोबारी महेंद्र गोयनका दिल्ली से गिरफ्तार

20 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनियों में 1000 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में रायपुर के कारोबारी महेंद्र गोयनका दिल्ली से गिरफ्तार
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। कटनी के विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक संजय पाठक के परिवार की कंपनियों में करीब 1000 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में रायपुर के कारोबारी महेंद्र गोयनका की गिरफ्तारी हुई है। कोलकाता पुलिस ने कारोबारी को दिल्ली से गिरफ्तार किया। इसके बाद कोलकाता की अदालत में पेश किया। 


महेंद्र गोयनका को कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब कोलकाता पुलिस कारोबारी पर लगे वित्तीय गड़बड़ियों, कंपनियों के नियंत्रण में कथित बदलाव के साथ उनके पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ करेगी। जांच के बाद मामले से जुड़ी तमाम जानकारियां सामने आ सकती है। 


प्रबंधन के अहम पद पर कार्यरत रहा महेंद्र गोयनका

महेंद्र गोयनका भाजपा विधायक संजय पाठक के परिवार की कंपनी यूरो प्रतीक इस्पात इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में प्रबंधन के अहम पद पर कार्यरत रहा। कंपनी का मुख्यालय कोलकाता में है। कारोबारी पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी और सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज लगाकर और हस्ताक्षर करके कंपनी के दो डायरेक्टर्स को हटवाकर उनकी जगह चार अन्य लोगों को डायरेक्टर बनवा दिया। साथ ही कंपनी के नियंत्रण पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की। महेंद्र गोयनका पर कंपनी के वित्तीय लेनदेन में अनियमितता व कंपनी का माल कथित तौर पर छल-कपट से बेचकर गबन करने के भी आरोप हैं।


सुप्रीम कोर्ट तक जमानत याचिका हो चुकी है ख़ारिज 

मामले से जुड़े आरोपियों को कोर्ट से भी राहत नहीं मिली है। जानकारी के मुताबिक इनकी की अग्रिम जमानत सुप्रीम कोर्ट तक खारिज हो चुकी हैं। कई आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।  


एनसीएलटी की मुंबई पीठ ने की थीं गंभीर टिप्पणियां 

राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की मुंबई पीठ ने 9 मई 2025 को एक आदेश में महेंद्र गोयनका और उनकी पत्नी मीनू गोयनका से जुड़े वित्तीय लेनदेन पर गंभीर टिप्पणियां की थीं। गोयनका की एक और कंपनी निसर्ग इस्पात से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के मामले भी सामने चुके हैं। 


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें