
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में गुरुवार, 11 दिसंबर को मेघालय के सोहरा कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान आरोपियों राज, विकास, आकाश और आनंद को कोर्ट में पेश किया गया, जबकि मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए न्यायालय के सामने लाया गया। सोनम की दो सहेलियों को भी इंदौर के ई-सेवा केंद्र के माध्यम से वर्चुअली पेश किया गया। सुनवाई के बाद से दोनों सहेलियां मीडिया से दूरी बनाते दिख रही हैं।
“सोनम को बचाने की कोशिश हो रही है”—विपिन रघुवंशी का दावा
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। समाचार चैनल आज यल की रिपोर्ट के अनुसार विपिन ने कहा, सोनम की दोनों सहेलियों में से एक का बयान गुरुवार को पूरा हो चुका है। डिफेंस पक्ष के बयानों में बदलाव नजर आ रहा है। उनके मुताबिक, यह बदलाव डिफेंस द्वारा किए गए “फेरबदल” का परिणाम है।
विपिन ने यह भी आशंका जताई कि सोनम के भाई गोविंद के ऑफिस में काम करने वाली दोनों लड़कियां भी इस मामले में शामिल हो सकती हैं। विपिन का दावा है कि ये दोनों अब सोनम को बचाने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कोर्ट में किस तरह के बयान हुए, इसकी उन्हें पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें यह साफ दिख रहा है कि डिफेंस के बयान पहले से अलग हैं।
हनीमून के बहाने रची गई हत्या की साजिश
राजा रघुवंशी की शादी 11 मई 2024 को सोनम रघुवंशी से हुई थी। विवाह के कुछ दिनों बाद दोनों हनीमून पर मेघालय गए थे। जांच में सामने आया कि हनीमून के दौरान सोनम ने अपने बॉयफ्रेंड राजा कुशवाहा के साथ मिलकर राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची। मेघालय पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर 2 जून को राजा रघुवंशी का शव बरामद किया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस मामले में— सोनम, राज, विकास, आकाश और आनंद—को आरोपी बनाया।
सुनवाई जारी, अगले आदेश का इंतजार
मामले की सुनवाई सोहरा कोर्ट में जारी है। अगली तारीख पर अदालत क्या दिशा देती है, इस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि यह केस लगातार नए खुलासों और आरोपों के कारण चर्चा में बना हुआ है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

