मंगलवार, 30 जून 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सोनम रघुवंशी को हाईकोर्ट से भी राहत, बेटे की मौत पर रो पड़ा परिवार, बोले- अब कानून से भरोसा उठ रहा है

30 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सोनम रघुवंशी को हाईकोर्ट से भी राहत, बेटे की मौत पर रो पड़ा परिवार, बोले- अब कानून से भरोसा उठ रहा है
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

इंदौर। राजा रघुवंशी हनीमून हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत पर मेघालय हाईकोर्ट ने भी मुहर लगा दी है। अदालत ने निचली अदालत के आदेश को बरकरार रखते हुए पुलिस की जमानत रद्द करने की याचिका खारिज कर दी।


फैसले के बाद मृतक राजा रघुवंशी का परिवार भावुक हो गया। माता-पिता ने कहा कि बेटे को न्याय मिलने की उम्मीद कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है और अब न्याय व्यवस्था पर उनका भरोसा डगमगाने लगा है।


हाईकोर्ट ने क्या फैसला सुनाया?

मेघालय हाईकोर्ट ने सोमवार को अपना फैसला सुनाते हुए निचली अदालत से मिली सोनम रघुवंशी की जमानत को बरकरार रखा। पुलिस की जमानत निरस्त करने की याचिका खारिज कर दी गई। अदालत ने स्पष्ट किया कि सोनम को जमानत की सभी शर्तों का पालन करना होगा। उसे शिलांग छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।


पुलिस ने जमानत के खिलाफ दी थी चुनौती

मेघालय पुलिस ने निचली अदालत के जमानत आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसे सोमवार को सुनाया गया।


फैसले के बाद परिवार ने जताई नाराजगी

हाईकोर्ट के निर्णय के बाद राजा रघुवंशी के परिजनों ने गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त की। मीडिया से बातचीत के दौरान राजा के पिता अशोक रघुवंशी भावुक हो गए। परिवार का कहना है कि जिस महिला पर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है, उसे जमानत मिलना उनके लिए एक और बड़ा झटका है।


उमा रघुवंशी ने न्याय व्यवस्था पर उठाए सवाल

राजा की मां उमा रघुवंशी ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि कानून उनके बेटे को न्याय दिलाएगा, लेकिन मौजूदा फैसले के बाद उनका विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि गंभीर मामलों में भी आरोपियों को राहत मिलती रही तो पीड़ित परिवारों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा कम होगा और अपराधियों का मनोबल बढ़ सकता है। उमा रघुवंशी ने महाराष्ट्र के चर्चित केतन हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें डर है कि उस मामले में भी कहीं ऐसी ही स्थिति न बन जाए।


मुख्यमंत्री से मिलने की तैयारी

राजा के पिता अशोक रघुवंशी ने कहा कि वे इस मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय की मांग करेंगे। उनका कहना है कि हत्या के दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के अपराध करने वालों के लिए सख्त संदेश जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह महाराष्ट्र सरकार ने अपने चर्चित मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने का फैसला लिया, उसी प्रकार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मेघालय के मुख्यमंत्री से बातचीत कर परिवार की मदद कर सकते हैं।


चार आरोपी अभी भी जेल में

मामले में जेल में बंद राज कुशवाहा और उसके तीन साथियों ने भी जमानत के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनकी याचिकाएं खारिज हो चुकी हैं। इस केस का ट्रायल शुरू हो चुका है।


क्या है पूरा मामला?

21 मई 2025 को इंदौर निवासी राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी हनीमून के लिए शिलांग गए थे। 2 जून को राजा रघुवंशी का शव एक खाई से बरामद हुआ था। मामले में सोनम रघुवंशी को मुख्य आरोपी बनाया गया है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें