
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में वीर भारत न्यास को लेकर जारी विवाद के बीच भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयानों का जिक्र करते हुए पटवारी पर तथ्यहीन आरोप लगाने का आरोप लगाया। भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान रामेश्वर शर्मा ने जर्जर मकानों की स्थिति और छिंदवाड़ा में कमलनाथ को लेकर लगे पोस्टरों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
"जीतू पटवारी तथ्यहीन आरोप लगाना बंद करें"
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के 10 वर्ष तक मुख्यमंत्री रहे हैं और उन्हें सरकारी दस्तावेजों व प्रक्रियाओं की अच्छी जानकारी है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया है कि वीर भारत न्यास एक सरकारी न्यास है। इसके बावजूद जीतू पटवारी कांग्रेस की आंतरिक राजनीति के कारण बिना तथ्यों के आरोप लगा रहे हैं। शर्मा के अनुसार दिग्विजय सिंह के बयान से ही पटवारी के आरोपों की वास्तविकता सामने आ गई है।
जर्जर मकानों में रहने वालों से की अपील
भोपाल में जर्जर भवनों के मुद्दे पर रामेश्वर शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि वे ऐसे मकानों में रहने का जोखिम न उठाएं। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत जर्जर मकान खाली कर देना चाहिए। साथ ही नागरिकों से ऐसे भवनों की जानकारी नगर निगम और जिला प्रशासन को देने की भी अपील की। उन्होंने प्रशासन से कहा कि सभी मामलों में न्यायिक प्रक्रिया का पालन करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कमलनाथ को लेकर लगे पोस्टरों पर भी बोले
छिंदवाड़ा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के लापता होने संबंधी पोस्टरों पर प्रतिक्रिया देते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सार्वजनिक रूप से मौजूद रहें या नहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार छिंदवाड़ा सहित पूरे मध्य प्रदेश के विकास के लिए काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बताए कार्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक विरोधियों का अपमान नहीं करती। उन्होंने कहा, "हम राहुल गांधी नहीं हैं कि अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता कमलनाथ जी का अपमान करें। हम कमलनाथ जी का सम्मान करते हैं। वे वरिष्ठ नेता हैं और भाजपा कभी किसी का अपमान नहीं करती।”
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

