
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ओरछा स्थित ऐतिहासिक व आस्था के प्रमुख केंद्र रामराजा लोक में जारी निर्माण कार्यों को देखा। उन्होंने कहा है कि ओरछा को पर्यटन के अद्भुत केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। भव्य रामराजा लोक से बुंदेलखंड की पहचान निखरेगी। स्थानीय अर्थव्यवस्था व रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा का राम राजा मंदिर हमारे गौरवशाली अतीत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संपदा है। यहां के मंदिर और महल तत्कालीन समृद्ध स्थापत्य के प्रत्यक्ष उदाहरण हैं, जो हमें हमारी प्राचीन धरोहर और संस्कृति से जोड़े रखते हैं। ये तत्कालीन उन्नत तकनीक और स्थापत्य के भी अद्भुत उदाहरण हैं। पहले एअर कंडीशनर नहीं होते थे, पर यहां के भवन वातानुकूलित बने हैं, जो गर्मी में ठंडे और ठंड में गर्मी का एहसास कराते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर शिवप्रकाश, वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल, राज्यसभा सांसद महेश केवट, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, विधायक निवाड़ी अनिल जैन, राजेश पटेरिया, कमिश्नर सागर अनिल सुचारी, आईजी मिथलेश शुक्ला, जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतिष्ठान संचालकों से किया संवाद, उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्माणाधीन रामराजा लोक परिसर में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। प्रतिष्ठान संचालकों से संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री ने जुझार सिंह महल में चल रहे निर्माण तथा जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जहांगीर महल का भ्रमण कर यहां की ऐतिहासिक और समृद्ध स्थापत्य कला को भी देखा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

