सोमवार, 27 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

Ratlam Drug Factory: जावरा के चिकलाना में एमडी ड्रग फैक्ट्री पकड़ी गई, 16 आरोपी हिरासत में

16 जन, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Ratlam Drug Factory: जावरा के चिकलाना में एमडी ड्रग फैक्ट्री पकड़ी गई, 16 आरोपी हिरासत में

Ratlam Drug Factory: जावरा के चिकलाना में एमडी ड्रग फैक्ट्री पकड़ी गई, 16 आरोपी हिरासत में

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से ड्रग्स के काले कारोबार की चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। जावरा अनुभाग के ग्राम चिकलाना में पुलिस ने छापा मारकर एमडी ड्रग बनाने की चलती-फिरती फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 10 किलो तैयार एमडी ड्रग, करीब 2 किलो केमिकल घोल और हथियार बरामद हुए हैं। 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।


अलसुबह की गई फिल्मी अंदाज में रेड

सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने यह कार्रवाई शुक्रवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच की, जब पूरा गांव गहरी नींद में था। दिलावर पठान नामक व्यक्ति के मकान पर दबिश दी गई, जहां बड़े पैमाने पर एमडी ड्रग तैयार की जा रही थी। मौके पर मिले केमिकल, उपकरण और तैयार माल से साफ है कि यह संगठित स्तर पर चल रहा नेटवर्क था।


भोपाल से बनी रणनीति, लोकेशन से दबोचे तस्कर

इस बड़े ऑपरेशन की खास बात यह रही कि रतलाम के एसपी अमित कुमार उस वक्त भोपाल में थे। उन्होंने वहीं अस्थायी कंट्रोल रूम बनाकर पूरी कार्रवाई को मॉनिटर किया। तस्करों की मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर टीमों को लगातार निर्देश दिए गए, जिसके बाद एक साथ कई ठिकानों पर घेराबंदी की गई।


भारी पुलिस बल रहा मौजूद

ऑपरेशन में रतलाम ग्रामीण के एडिशनल एसपी विवेक लाल, जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय समेत जावरा, कालूखेड़ा और आसपास के थानों का पुलिस बल शामिल रहा। मौके से कारतूस और बंदूक जैसे हथियार भी मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि यह गिरोह बेहद खतरनाक तरीके से काम कर रहा था।


जल्द होगा पूरा खुलासा

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि ड्रग्स की सप्लाई किन शहरों में की जा रही थी और इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा के मुताबिक जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें