
भोपाल। 'सेव, सोना और साड़ी के लिए रतलाम की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति है। इनसे रतलाम की अपनी विशिष्ट पहचान बनी है। रतलाम स्वाभिमानी और पुरुषार्थी लोगों की नगरी है।' ये बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को कहीं। रतलाम को इंदौर मेट्रोपोलिटिन रीजन में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री निवास में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया था।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रतलाम के लोग काम के आधार पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाते हैं। इसका सबसे अच्छा उदाहरण सूक्ष्म,लघु, एवं मध्यम, उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप हैं। मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि बगैर मांग के रतलाम को मेट्रोपोलिटिन रीजन में शामिल किया जाना, रतलाम वासियों के लिए सौगात की बात है। रतलाम के प्रभारी मंत्री डॉ. विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने वाले हैं।
रतलाम में औद्योगिक विकास की सभी संभावनाएं असीमित
मुख्यमंत्री ने कहा कि रतलाम में औद्योगिक विकास की सभी संभावनाएं पहले से ही असीमित हैं। इन संभावनाओं को साकार करने के लिए रतलाम को मेट्रोपोलिटिन क्षेत्र में शामिल किया गया है। नागदा और खाचरौद पहले ही शामिल कर लिए गए, ऐसी स्थिति में असीमित संभावनाओं से परिपूर्ण रतलाम को भी शामिल करना ही था। अब इंदौर, उज्जैन के साथ रतलाम के शामिल हो जाने से मेट्रोपोलिटिन रीजन का विकास ट्रिपल इंजन की समन्वित शक्ति से होगा। मुख्यमंत्री ने रतलाम वासियों का अभिनंदन के लिए आभार जताया।
विभिन्न संगठनों की ओर से किया गया अभिनंदन
मुख्यमंत्री का रतलाम के संयुक्त व्यापारी संघ, सराफा एसोसिएशन, खेल संगठन, ग्रेन मर्चेंट संघ, बार एसोसिएशन, मेडिकल एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अभिनंदन किया। समारोह में जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर रतलाम नगर निगम प्रह्लाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

