
भोपाल। शहर के सुप्रसिद्ध बिल्डर शालिग्राम डेवलपर्स के रुद्राक्ष किंगस्टन, अपोलो हॉस्पिटल के पास बावड़िया कला में 13 से 19 जून 2026 तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। सुप्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर महाराज कथा का रसपान कराएंगे। गुरुवार को भोपाल की महापौर मालती राय की उपस्थिति में कथा स्थल पर विधिविधान से भूमि पूजन संपन्न हुआ।
महापौर मालती राय ने कहा कि यह हम सभी भोपालवासियों के लिए सौभाग्य का विषय है कि सुप्रसिद्ध कथावाचक परम पूज्य देवकीनंदन ठाकुर महाराज यहां कथा सुनाने के लिए पधार रहे हैं। धर्म प्रेमियों से आग्रह है कि वह बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण करें और महाराज जी के आशीर्वाद का लाभ प्राप्त करें। कथा स्थल श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है।
शालिग्राम डेवलपर्स के सीएमडी देवेंद्र चौकसे ने बताया कि कथा से पूर्व 12 जून को शाम 4:00 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा रुद्राक्ष पार्क, फेस-2 स्थित शिव मंदिर, बावड़िया कलां से शुरू होकर रुद्राक्ष किंग्सटन, अपोलो हॉस्पिटल के पास कथा स्थल पर संपन्न होगी। 13 से 18 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक आयोजित होगी।
विशाल भंडारे का आयोजन 19 को दोपहर एक बजे से
वहीं, 19 जून को कथा के विश्राम दिवस पर कथा सुबह 9:00 से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी। दोपहर एक से शाम 6:00 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कथा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। उसके अनुरूप पार्किंग और सुरक्षा की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
शालिग्राम डेवलपर्स रुद्राक्ष किंग्सटन के सहयोग से आयोजन
श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन शालिग्राम डेवलपर्स रुद्राक्ष किंग्सटन के सहयोग से किया जा रहा है। शालिग्राम डेवलपर्स के सीएमडी देवेंद्र चौकसे व संगीता चौकसे, वीरेंद्र चौकसे, अनीता चौकसे और समस्त शालिग्राम परिवार ने श्रद्धालुओं से कलश यात्रा और कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।
प्रतिदिन कथा प्रसंग
13 जून : भागवत महात्म्य, व्यास-नारद संवाद, कुंती स्तुति।
14 जून: कपिल-देवहूति संवाद, सती चरित्र, ध्रुव चरित्र।
15 जून: भरत चरित्र, नृसिंह और वामन अवतार।
16 जून: श्रीराम जन्मोत्सव और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव।
17 जून: श्री कृष्ण बाल लीलाएं, माखन चोरी, गोवर्धन पूजा व छप्पन भोग।
18 जून: उद्धव चरित्र, रुक्मिणी विवाह, रास पंचाध्यायी।
19 जून: द्वारिका लीला, सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष, व्यास पूजन पूर्ण आहुति।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

