
भोपाल। नेहरू नगर के रहवासियों ने बुधवार को क्षेत्र में नशाखोरी व असामाजिक तत्वों के जमावड़े व नागरिक समस्याओं को लेकर कमला नगर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से नागरिकों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों की ओर पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
ज्ञापन में रहवासियों ने सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और अन्य स्थानों पर रात 8 बजे के बाद शराब और गांजे के सेवन तथा असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर नियंत्रण करने की मांग की। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास संचालित पान की गुमटियों और दुकानों पर नियंत्रण रखते हुए कोटपा एक्ट 2003 का पालन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
रहवासियों ने निर्धारित समय सीमा के बाद भारी वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने, किरायेदारों का पुलिस सत्यापन (PVR) अनिवार्य करने तथा मकान मालिकों की जवाबदेही तय करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में अवांछित एवं अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित करने की मांग
रहवासियों ने सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग और फुटकर वेंडरों की व्यवस्था को नियंत्रित करने की मांग की गई। रहवासियों ने शराब की दुकानों के आसपास खुलेआम ठेलों एवं फुटपाथों पर सार्वजनिक मदिरापान की समस्या पर भी चिंता जताते हुए इस पर प्रभावी कार्रवाई का अनुरोध किया।
पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का दिया आश्वासन
ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से सभी ज्वलंत समस्याओं पर सकारात्मक एवं ठोस पहल करने की अपील की गई। इस दौरान रहवासियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी संवेदनशीलता भी व्यक्त की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पुलिस प्रशासन के प्रभावी हस्तक्षेप से नेहरू नगर में शांति, सुरक्षा और बेहतर सामाजिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

