
सीहोर स्थित VIT यूनिवर्सिटी मंगलवार की रात रणभूमि बन गई, जब हॉस्टल में कथित रूप से खराब खाना और दूषित पानी मिलने से कई छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते गुस्सा उबल पड़ा और देर रात छात्रों ने कैंपस में बड़ा हंगामा कर दिया। प्रदर्शन के दौरान बसों और गाड़ियों में आग लगाई गई, जिससे पूरा परिसर दहशत में बदल गया। हालात बेकाबू होते देख यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने 8 दिसंबर तक अवकाश घोषित कर दिया है।
हंगामा और आगजनी, कैंपस में अफरा-तफरी
छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में लंबे समय से स्वच्छ भोजन और पीने के लिए साफ पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था, जिसके चलते करीब दो दर्जन छात्र बीमार पड़े। कई में पीलिया जैसे लक्षण भी देखे गए।
इन आरोपों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से मामला तूल पकड़ गया और मंगलवार देर रात प्रशासनिक विंग और हॉस्टल परिसर के बाहर प्रदर्शन हिंसक हो गया। इस दौरान एक खड़ी बस और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सीएम मोहन यादव ने लिया संज्ञान – मंत्री को तुरंत भेजा VIT
VIT विवाद ने सरकार का ध्यान तुरंत खींचा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना का संज्ञान लेते हुए सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर को तत्काल VIT कैंपस भेजने के निर्देश दिए हैं। वे छात्रों और प्रबंधन से बात कर स्थिति की रिपोर्ट सौंपेंगी और आवश्यक कदम उठाएंगी। सीएम ने उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को भी निर्देश दिए हैं कि ऐसे हादसे दोबारा न हों, इसके लिए सभी निजी यूनिवर्सिटी और शिक्षण संस्थानों की उच्च स्तरीय समीक्षा की जाए। इसके अलावा जिला प्रशासन को भी छात्रों के भोजन और पानी की समस्या का तत्काल निराकरण करने के आदेश दिए गए हैं।
जांच के आदेश, तीन सदस्यीय कमेटी गठित
इससे पहले बुधवार को उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच के आदेश दिए थे।
निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग ने तीन सदस्यीय समिति गठित की है, जिसे 3 दिनों में रिपोर्ट सौंपनी होगी। छात्रों का आरोप है कि, शिकायतों के बावजूद प्रबंधन ने लगातार लापरवाही बरती और कोई व्यवस्था सुधारने की कोशिश नहीं की।
कैंपस में तनाव बरकरार
घटना के बाद कैंपस में भारी तनाव बना हुआ है।
बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल छोड़कर बाहर जा चुके हैं, जबकि प्रशासनिक स्टाफ सतर्क मोड पर है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

