
इंदौर। रोटरी क्लब ऑफ इंदौर चोइथराम में जैसे ही डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के निर्वाचन की घोषणा हुई, क्लब परिसर तालियों और खुशियों से गूंज उठा। डिजिआना ग्रुप के सीएमडी सुखदेव सिंह घुम्मन को रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040 के वर्ष 2028–29 के लिए निर्विरोध डिस्ट्रिक्ट गवर्नर चुना गया है। खास बात यह रही कि यह चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ, जिससे क्लब सदस्यों का उत्साह और भी दोगुना नजर आया।

एकमात्र नामांकन से तय हुआ नेतृत्व
संशोधित निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 25 दिसंबर को डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पद के लिए नामांकन की समय-सीमा समाप्त हो गई थी। तय समयावधि तक सुखदेव सिंह घुम्मन के नाम का एकमात्र नामांकन ही प्राप्त हुआ, जिसके चलते निर्वाचन निर्विरोध घोषित कर दिया गया। इसके तुरंत बाद क्लब के सभी सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए मिठाईयां बांटी और हर्ष व्यक्त किया।

क्लब सदस्यों में खुशी की लहर
निर्वाचन की खबर मिलते ही रोटरी क्लब ऑफ इंदौर चोइथराम के सदस्यों में उत्साह की लहर दौड़ गई। सभी ने केक काट कर सुखदेव सिंह घुम्मन का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनके साथ-साथ किरण घुम्मन को भी बधाईयां दीं। सदस्यों का कहना है कि घुम्मन दंपती लंबे समय से सामाजिक और सेवा कार्यों में सक्रिय रहे हैं, जिससे क्लब को एक नई दिशा और ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
.jpg)
नेतृत्व से समाजसेवा को मिलेगी नई गति
सुखदेव सिंह घुम्मन एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाजसेवी हैं तथा लंबे समय से रोटरी के माध्यम से जनकल्याणकारी कार्यों में संलग्न हैं। अपने कार्यकाल में वे रोटरी के माध्यम से अनेक प्रभावी एवं सेवा-प्रधान परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की योजना बना रहे हैं। निर्वाचन के पश्चात उन्होंने डिस्ट्रिक्ट के 100 से अधिक रोटरी क्लबों से आह्वान किया कि सभी क्लब एकजुट होकर सहयोग करें, ताकि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040 को सेवा, प्रभाव और नेतृत्व के क्षेत्र में देश के अग्रणी डिस्ट्रिक्टों में स्थापित किया जा सके।
इस अवसर पर उनके साथ समाजसेवा के लिए समर्पित उनकी पूरी टीम ने भी पूर्ण समर्थन का संकल्प व्यक्त किया। उनकी टीम में शामिल हैं: DGN रोटे. मुकेश साहू,
रोटरी क्लब ऑफ इंदौर चोइथराम के संस्थापक रोटे. डॉ. तेजेश ए. मेहता, रोटे. सरजीव पटेल और रोटरी क्लब ऑफ इंदौर चोइथराम की अध्यक्ष रोटे. अनुजा ताऊसे।
.jpg)
रोटरी परंपराओं को मिलेगा मजबूत आधार
क्लब के वरिष्ठ सदस्यों का कहना है कि सुखदेव सिंह घुम्मन की कार्यशैली व्यावसायिक सोच और सामाजिक सरोकारों का संतुलन रखती है। इससे रोटरी क्लब ऑफ इंदौर चोइथराम की परंपराओं को नई मजबूती मिलेगी। उनके कार्यकाल में पारदर्शिता, टीमवर्क और सेवा भावना को प्राथमिकता देने की बात कही जा रही है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

