
भोपाल। नए साल की शुरुआत भोपाल के लिए खास रहने वाली है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने 100 साल पूरे होने के मौके पर राजधानी में चार बड़े कार्यक्रम करने जा रहा है, जिनमें सरसंघचालक मोहन भागवत खुद मौजूद रहकर समाज को संबोधित करेंगे। इन आयोजनों के जरिए संघ अपने शताब्दी वर्ष के बाद की दिशा और भूमिका को सीधे जनता के सामने रखने की तैयारी में है।
2 जनवरी को युवा संवाद और प्रमुख जन-गोष्ठी
2 जनवरी को भोपाल में युवा संवाद और प्रमुख जन-गोष्ठी आयोजित की जाएगी। युवा संवाद में देश के युवाओं की भूमिका पर खास चर्चा होगी, जिसमें बताया जाएगा कि भारत को वैश्विक मंच पर संगठित, सशक्त और समर्थ राष्ट्र बनाने में युवा किस तरह निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
3 जनवरी को सामाजिक सद्भाव और शक्ति (महिला) संवाद
अगले दिन यानी 3 जनवरी को दो और अहम कार्यक्रम होंगे—
सामाजिक सद्भाव सम्मेलन
शक्ति यानी महिला संवाद कार्यक्रम
इन आयोजनों में समाज में आपसी समरसता और महिलाओं की भागीदारी को लेकर संघ का विजन सामने रखा जाएगा।
शताब्दी वर्ष में संघ का बड़ा संकल्प
आरएसएस शताब्दी वर्ष के दौरान संघ ने यह संकल्प लिया है कि समाज की सज्जन शक्ति को साथ लेकर दुनिया के सामने एक ऐसा भारत खड़ा किया जाए जो संगठित, सशक्त और समर्थ हो। इसी लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर के प्रमुख शहरों में संवाद कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई जा रही है।
देशभर में हो रहे संवाद कार्यक्रम
भोपाल के ये कार्यक्रम भी इसी कड़ी का हिस्सा हैं, जहां समाज के प्रतिष्ठित और प्रभावशाली लोगों से सीधा संवाद किया जा रहा है, ताकि संघ का यह संकल्प सिर्फ विचार न रहकर जन-आंदोलन का रूप ले सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

