
भोपाल की अरबों रुपये की संपत्तियों को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। नवाब परिवार और कथित शत्रु संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की नए सिरे से जांच कराने की मांग प्रशासन तक पहुंच गई है। इस मामले में अभिनेता सैफ अली खान, शर्मिला टैगोर, सोहा अली खान और सबा अली खान समेत पूरे नवाब परिवार का नाम चर्चा में है। जांच की मांग ऐसे समय सामने आई है जब शहर में शत्रु संपत्तियों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पहले से जारी है।
77 साल पुराने मर्जर एग्रीमेंट को बनाया गया आधार
मामले में समाजसेवी अमिताभ अग्निहोत्री ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर वर्ष 1949 में भारत सरकार और तत्कालीन भोपाल रियासत के नवाब हमीदुल्ला खान के बीच हुए मर्जर एग्रीमेंट के आधार पर जांच कराने की मांग की है। दावा किया गया है कि उस समझौते में सरकारी संपत्तियों और नवाब परिवार की निजी संपत्तियों का अलग-अलग विवरण दर्ज था। मांग है कि वर्तमान रिकॉर्ड का मिलान उसी दस्तावेज से किया जाए।
शत्रु संपत्ति की जांच पहले से जारी
केंद्र सरकार के कस्टोडियन विभाग के निर्देशों के तहत भोपाल में शत्रु संपत्तियों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। इसी सिलसिले में जिला प्रशासन ने एक समिति भी गठित की है, जो विभिन्न जमीनों और संपत्तियों के रिकॉर्ड की समीक्षा कर रही है। अब नए ज्ञापन के बाद जांच का दायरा और बढ़ सकता है।
1370 एकड़ जमीन पर उठे नए सवाल
ज्ञापन में दावा किया गया है कि पूर्व में हाईकोर्ट में दायर एक मामले में भोपाल की करीब 1370 एकड़ भूमि को नवाब परिवार की संभावित निजी संपत्ति बताया गया था। मांग की गई है कि जांच समिति इन जमीनों की वर्तमान कानूनी स्थिति स्पष्ट करे और यह बताए कि उनका स्वामित्व किस श्रेणी में आता है।
किन इलाकों की जमीनें चर्चा में?
कोहेफिजा, नयापुरा, हलालपुर समेत भोपाल के कई प्रमुख इलाकों में स्थित जमीनों को लेकर कानूनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठाई गई है। इन क्षेत्रों की कुछ संपत्तियां लंबे समय से विवादों और दावों के केंद्र में रही हैं। इसी वजह से रिकॉर्ड की दोबारा जांच की मांग जोर पकड़ रही है।
पूरा नवाब परिवार जांच की चर्चा में क्यों?
विवाद का केंद्र नवाब हमीदुल्ला खान के परिवार से जुड़ा उत्तराधिकार और संपत्ति स्वामित्व का मुद्दा है। ज्ञापन में कहा गया है कि नवाब की बड़ी बेटी पाकिस्तान चली गई थीं। इसी आधार पर कुछ संपत्तियों के शत्रु संपत्ति होने की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि अंतिम निर्णय जांच और संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं के बाद ही तय होगा।
सैफ अली खान परिवार की संपत्तियां पहले भी रही हैं चर्चा में
भोपाल में नवाब परिवार की कई संपत्तियां वर्षों से कानूनी विवादों और स्वामित्व संबंधी दावों के कारण चर्चा में रही हैं। कई मामलों में यह भी आरोप लगाए गए हैं कि कुछ जमीनों और संपत्तियों पर दूसरे लोगों ने कब्जा कर लिया या उनका स्वरूप बदल गया। ऐसे में नई जांच की मांग ने इस पुराने विवाद को फिर सुर्खियों में ला दिया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

