मंगलवार, 24 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने का देती हैं संदेश: डॉ. मोहन यादव

24 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने का देती हैं संदेश: डॉ. मोहन यादव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। ओंकारेश्वर के गौमुख घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पांचवीं नर्मदा सेवा परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ हुआ। अवधूत सिद्ध महायोगी दादा गुरु जी के सानिध्य में शुरू हुई इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। उन्होंने मां नर्मदा की आरती कर विधिवत पूजन-अर्चन किया और चुनरी अर्पित कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व सनातन संस्कृति और भारतीय आध्यात्मिक विरासत के वैभव से परिचित हो रहा है। स्वामी विवेकानंद ने जिस भारत के गौरवशाली भविष्य की कल्पना की थी, आज वह साकार होता दिखाई दे रहा है। सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने, समरसता बढ़ाने और मानव कल्याण का संदेश देती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों का सानिध्य मिलना सौभाग्य की बात है। संतों के माध्यम से ईश्वर से संवाद का अवसर मिलता है। 


मुख्यमंत्री डॉ.  मोहन यादव ने कहा कि दादा गुरु जी के सानिध्य में आयोजित नर्मदा परिक्रमा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना, सद्भाव और लोककल्याण का आध्यात्मिक मार्ग है। मुख्यमंत्री ने गौमुख घाट से परिक्रमा यात्रा में सहभागिता भी की। मां नर्मदा के जयघोष के बीच शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


नर्मदा तट किसी मठ से कम नहीं

उन्होंने कहा कि नर्मदा मैया की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। नर्मदा तट किसी मठ से कम नहीं है। राज्य सरकार ने परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं, ताकि यात्रा निर्विघ्न संपन्न हो सके।


नर्मदा परिक्रमा एक साधना है

दादा गुरु जी ने कहा कि मां नर्मदा केवल नदी नहीं, बल्कि जीवन, ज्ञान, आचार-विचार, विकास और व्यवस्था का आधार हैं। नर्मदा परिक्रमा एक साधना है, जिसके मूल में लोककल्याण, सद्भाव और समरसता की भावना है। ईश्वरीय भक्ति और साधना से व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास होता है।


इनकी भी रही मौजूदगी 

कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सहकारिता एवं खेल मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें